

बॉलीवुड में कुछ गाने ऐसे हैं, जिन्हें सुनते ही पुराने दौर की यादें ताजा हो जाती हैं. ये गाने अपनी धुन, बोल और कुछ खास अंदाज के चलते दशकों से लोगों के दिलों में बसे हुए हैं. इन्हीं में से एक ऐसा है, जिसकी धुन और बोल को हिंदी सिनेमा ने कई अलग-अलग अंदाज में दोहराया है. यह कभी किसी फिल्म में गाना इस्तेमाल हुआ, तो कभी इसकी कुछ लाइनें या धुन नए गाने का हिस्सा बनीं. 60 साल बाद भी इसकी लोकप्रियता में कमी नहीं है और नई पीढ़ी भी इसके सुरों से अनजान नहीं है. यह अमर गीत है ‘चलत मुसाफिर मोह लिया रे, पिंजरे वाली मुनिया.’
राज कपूर की फिल्म से निकला था ये यादगार गीत
यह गाना 1966 में आई फिल्म ‘तीसरी कसम’ का है. फिल्म में राज कपूर और वहीदा रहमान मुख्य भूमिकाओं में थे. गाने को महान गायक मन्ना डे ने अपनी आवाज दी थी. इसके बोल मशहूर गीतकार शैलेंद्र ने लिखे थे, जबकि संगीत शंकर-जयकिशन की जोड़ी ने तैयार किया था. लोकगीत की खुशबू लिए इस गाने ने बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई है.
इस फिल्म में दोबारा सुनाई दिया
इस गाने की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब दो दशक बाद 1986 की फिल्म ‘काला सूरज’ में इसके पूरे हिस्से को एक सॉन्ग सीक्वेंस में इस्तेमाल किया गया. इसके बाद भी अलग-अलग फिल्मों के गानों में इसकी झलक सुनाई देती रही.
‘हीरो नंबर 1′ से लेकर ‘दबंग 2′ तक दिखा असर
गोविंदा और करिश्मा कपूर की फिल्म ‘हीरो नंबर 1′ के हिट गाने ‘यू.पी. वाला ठुमका’ में भी ‘चलत मुसाफिर मोह लिया रे’ की कुछ लाइनों की झलक सुनाई देती है. वहीं, फिल्म ‘लाल बादशाह’ के गाने ‘पटाइले हमका’ में सुनाई देने वाली धुन का एक हिस्सा बाद में ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ के टाइटल ट्रैक में भी सुनने को मिला. दोनों गानों में इस पुराने गीत की धुन की छाप बताई जाती है.
‘पिंजरे वाली मुनिया’ की गूंज कई गानों में
सिर्फ धुन ही नहीं, बल्कि ‘पिंजरे वाली मुनिया’ वाली लाइन का इस्तेमाल भी कई गानों में दिखाई दिया. ‘आंखियों से गोली मारे’ के ‘लड़का मुड़-मुड़ के’ में इसकी झलक नजर आती है. वहीं ‘जोशीले’ के ‘मुनिया रे मुनिया’ में भी इसी गीत का एक अलग अंदाज देखने को मिला. फिल्म ‘दबंग 2′ के मशहूर गाने ‘पांडे जी सीटी’ में भी करीब 1:40 मिनट पर ‘पिंजरे वाली मुनिया’ की धुन का रीक्रिएशन सुनाई देता है. इस गाने की सबसे बड़ी खासियत इसका देसी अंदाज और आसान बोल हैं. इसलिए अलग-अलग दौर के म्यूजिक डायरेक्टर्स ने इसे अपने अंदाज में इस्तेमाल किया.
ये भी पढ़ें: सालार: पार्ट 2 को लेकर आया बड़ा अपडेट, प्रभास के पिता के रोल में दिखेगा इंडस्ट्री का बड़ा हीरो





