
इंदौर की बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. बॉम्बे हॉस्पिटल के पास सर्विस रोड की खराब हालत को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने पार्षदों और कार्यकर्ताओं के साथ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस नेता सड़क पर जमा कीचड़ के बीच बैठ गए और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए.
बॉम्बे हॉस्पिटल के नजदीक सर्विस रोड की हालत लंबे समय से खराब बताई जा रही है. बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ और पानी जमा होने से वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी हो रही है.
कांग्रेस का आरोप है कि करीब दो साल पहले ड्रेनेज लाइन डालने के लिए सड़क को खोदा गया था. काम पूरा होने के बाद भी सड़क का व्यवस्थित तरीके से पुनर्निर्माण नहीं किया गया.
दमकल से MLA की निजी कार की धुलाई? सिंगरौली में वीडियो वायरल होने के बाद उठे सवाल
कीचड़ में बैठकर किया प्रदर्शन
इसी समस्या को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे कांग्रेस पार्षदों और कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने सड़क पर जमा कीचड़ में बैठकर विरोध जताया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर निगम और बीजेपी परिषद के खिलाफ नारेबाजी भी की. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सड़क की खराब हालत के कारण स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है.
चिंटू चौकसे ने नगर निगम प्रशासन को 5 दिन का समय देते हुए सड़क का निर्माण कराने की मांग की. कांग्रेस ने चेतावनी दी कि तय समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन के साथ चक्का जाम किया जाएगा.
55 की उम्र में प्यार का खुमार, प्रेमी संग महिला ने ली बेटे की जान
बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
वहीं, प्रदर्शन को लेकर बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव का कहना है कि जिस सड़क पर कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन किया गया है. उस सड़क का जनभागीदारी द्वारा निर्माण कार्य जारी है. उन्हें केवल रील बनाना है. यह बीमारी जीतू पटवारी सहित राहुल गांधी को भी है, कैसे कीचड़ में लौट मार के रील बनाई जाए. इंदौर की जनता बहुत समझती है. कांग्रेस की स्थिति मजाक बनकर रह गई है. ऐसी रील बाजी और चौचले करके शहर को बदनाम न करे.