

उत्तराखंड के पहाड़ों और रंगीन वादियों का कण-कण शिवमय है. चमोली जिले की नीति घाटी में स्थित टिम्मरसैंण महादेव गुफा ऐसा ही एक रहस्यमयी धाम है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं. इस गुफा को उत्तराखंड का ‘छोटा अमरनाथ’ भी कहा जाता है. सर्दियों में बर्फबारी के दौरान प्राकृतिक शिवलिंग के दर्शन होते हैं, जबकि मई से अक्टूबर के बीच का समय यहां की सुंदर वादियों और ट्रेकिंग के लिए अनुकूल माना जाता है. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने मंदिर की भव्यता का बखान करने के साथ-साथ मंदिर के बारे में दिलचस्प बातें भी बताई. इसके साथ ही उन्होंने मंदिर का वीडियो भी शेयर किया है.
चमोली जिले की नीति घाटी में जोशीमठ से लगभग 85 किमी दूर स्थित टिम्मरसैंण महादेव को ‘छोटा अमरनाथ’ कहा जाता है, जहां प्राकृतिक बर्फ का शिवलिंग बनता है. इस मंदिर का वीडियो शेयर करते हुए सीएम धामी ने लिखा, “चमोली जिले की नीति घाटी में मौजूद टिम्मरसैंण महादेव गुफा आस्था, अध्यात्म और प्रकृति का एक शानदार संगम है. गुफा के अंदर बर्फ से शिवलिंग का प्राकृतिक रूप बनने से इसका खास धार्मिक महत्व है. चमोली जिले में आने पर, इस पवित्र जगह पर जरूर जाएं”.
छोटा अमरनाथ की विशेषताएं
स्थान- भारत-चीन सीमा के पास, समुद्र तल से लगभग 12,000 फीट की ऊंचाई पर.
बर्फ का शिवलिंग- सर्दियों और शुरुआती वसंत (विशेषकर जनवरी से अप्रैल के बीच) में यहां 2 से 10 फीट तक ऊंचा बर्फ का प्राकृतिक शिवलिंग बनता है.
अन्य महीने- गर्मियों के समय भी यहां भगवान शिव के दर्शन किए जा सकते हैं.
चमोली जनपद की नीती घाटी में स्थित टिम्मरसैंण महादेव गुफा आस्था, आध्यात्मिकता और प्रकृति का अद्भुत संगम है। गुफा में प्राकृतिक रूप से बर्फ से शिवलिंग की आकृति का निर्माण होना इसे विशेष धार्मिक महत्व प्रदान करता है।
चमोली जनपद आगमन पर इस पवित्र स्थल के दर्शन अवश्य करें। pic.twitter.com/4aYR4ByxCx
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) August 22, 2026
छोटा अमरनाथ मंदिर कैसे पहुंचें
यह ऋषिकेश से लगभग 332 किमी और जोशीमठ से करीब 86 किमी की दूरी पर है. जोशीमठ से नीति घाटी के रास्ते सड़क मार्ग से नीति गांव के पास पहुंचा जाता है. मुख्य मार्ग से गुफा तक पहुंचने के लिए लगभग 1 किलोमीटर की पैदल चढ़ाई करनी पड़ती है. यह सीमावर्ती क्षेत्र में होने के कारण यहां जाने से पहले स्थानीय प्रशासन या अनुमति संबंधी नियमों की जांच अवश्य कर लेनी चाहिए.
टिम्मरसैंण महादेव गुफा का महत्व
‘टिम्मरसैंण महादेव गुफा’ गढ़वाल हिमालय के सबसे पवित्र और सबसे कम खोजे गए शिव मंदिरों में से एक है. यह दिव्य गुफा मंदिर अपने शांत माहौल, कुदरती खूबसूरती और आध्यात्मिक ऊर्जा के लिए जाना जाता है. मान्यता है कि सर्दियों में गुफा के अंदर प्राकृतिक रूप से बर्फ का शिवलिंग बनता है, जो अमरनाथ के शिवलिंग जैसा दिखता है. यह क्षेत्र भारत-चीन सीमा के पास संवेदनशील सैन्य क्षेत्र में आता है, इसलिए यहां जाने के लिए प्रशासनिक या स्थानीय स्तर पर अनुमति या पहचान पत्र की आवश्यकता पड़ सकती है.
यह भी पढ़ें:- रुद्राभिषेक कब नहीं करना चाहिए? रुद्राभिषेक के लिए कौन सी तिथि अच्छी है, जानिए यहां
यह भी पढ़ें:- शिवलिंग पर तांबे या पीतल, किस लोटे से करना चाहिए जलाभिषेक? जानिए क्या कहते हैं धार्मिक नियम
यह भी पढ़ें:- सीधा नहीं, एक तरफ झुका है ये शिव मंदिर, जानिए कत्यूरी काल में बने कपिलेश्वर मंदिर का पौराणिक महत्व





