
ग्रेटर नोएडा में घेवर में कॉकरोच मिलने से हड़कंप.
नई दिल्ली:
रक्षाबंधन से पहले घेवर की बिक्री जोरों पर है. सावन के सीजन में बनने वाली ये खास मिठाई हलवाइयों की दुकान पर जोरों पर बिक रही है. लेकिन ग्रेटर नोएडा के दनकौर में घेवर में मरा हुआ कॉकरोच निकलने की घटना सामने आई है. धनौरी गांव के विजयपाल बड़े ही चाव से 5 किलो घेवर खरीदकर अपने घर ले गए थे. घर जाकर जैसे ही उसने मिठाई का डिब्बा खोला वह सन्न रह गया. घेवर के मावे में मरा हुआ कॉकरोच दखाई दे रहा था.
घेवर में मिला मरा हुआ कॉकरोच
ग्राहक ने हलवाई पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों से मामले की शिकायत की है. उसने कॉकरोच वाले घेवर का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है.

विजयपाल सिंह ने वायरल विडियो में बताया कि उन्होंने मंगलवार शाम दनकौर कस्बे के एक प्रतिष्ठित मिष्ठान भंडार से करीब पांच किलो घेवर ओर 2 किलो गुजिया खरीदी थी. घर पहुंचने पर घेवर में कॉकरोच दिखाई दिया. वह जब शिकायत लेकर दुकान पर पहुंचे तो हलवाई ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि उसकी दुकान के घेवर में कभी कॉकरोच नहीं मिला.

विजयपाल सिंह ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों समेत जिला के अन्य संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर हलवाई के खिलाफ जांच और एक्शन लिए जाने की मांग की.साथ ही उन्होंने एक वीडियो बनाकर लोगों से अपील की कि वे भी इस मिष्ठान भंडार से मिठाई न खरीदें. घेवर में कॉकरोच मिलने की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों में भी नाराजगी है. लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से दुकान की जांच कराने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें-आज क्या बनाऊं: घर पर कैसे बनाएं हलवाई जैसे जालीदार मिनी घेवर, नोट करें रेसिपी
पूरी स्टोरी पढ़ें





