
मध्य प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर जारी है और नदी नाले उफान पर हैं. इतना ही नहीं, निचली बस्तियों में पानी भर जाने से बड़ी संख्या में लोग मुसीबत से घिर गए. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया है कि राज्य में राहत बचाव दल के द्वारा अब तक 527 लोगों की जान बचाई गई है.
एमपी की राजधानी भोपाल सहित कई हिस्सों में रविवार से शुरू हुई बारिश बुधवार (12 अगस्त) को भी जारी है. उन्होंने कहा कि इस बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है जबकि निचली बस्तियों में रहने वाले या फिर नदी नालों के किनारे के गांव तथा बस्तियों के निवासी मुश्किल में घिर गए हैं. इसकी वजह भी है क्योंकि इन बस्तियों तक पानी पहुंच गया है.
यह भी पढ़ें: विदिशा: कभी नदी पार कर पढ़ने जाते थे बच्चे, HC के दखल के बाद मिला स्कूल
527 लोगों की जान बचाई
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बारिश की स्थिति और कुछ इलाकों में हुई ज्यादा बारिश से बने हालात की चर्चा करते हुए कहा कि बारिश का समय है. इस बार सामान्य से 15 प्रतिशत कम बारिश हुई है. जहां बारिश ज्यादा हुई है वहां पर आमजनों को राहत पहुंचाने का कार्य जारी है. राज्य में जारी राहत और बचाव अभियान की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि रेस्क्यू टीम ने अभी तक 527 लोगों की जान बचाई है.
खंडवा में 7 कांवड़ियों का रेस्क्यू
खंडवा में सात कावड़ियों का रेस्क्यू किया गया. बारिश में अचानक नदी का जल स्तर बढ़ने से खतरे की स्थिति बनती है. इस पर रेस्क्यू टीम दिन रात रेस्क्यू करती है. राहत और बचाव कार्य पर मुख्यमंत्री खुद नजर रखे हुए हैं और उन्होंने बताया कि मैंने होमगार्ड ऑफिस में वीसी के माध्यम से बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया.
जनता से सीएम मोहन यादव की अपील
सीएम ने कहा कि जिन लोगों को रेस्क्यू करके बचाया गया उनसे भी बात की. मेरा उन लोगों से आग्रह है जिन लोगों के घर नदी नालों के किनारे पर बने हैं वो भी सावधानी रखें. यदि जरूरत पड़ती है तो पड़ोस के जिलों से भी मदद लें. हम प्रदेश स्तर पर भी मॉनिटरिंग कर रहे हैं. सरकार हर स्तर पर आम नागरिकों की सुविधा के लिए काम कर रही है.
यह भी पढ़ें: ‘जब नेहरू RSS को खत्म नहीं कर सके तो…’, BJP सांसद जनार्दन मिश्रा का बयान चर्चा में