
हिंदू धर्म में सावन के पवित्र महीने को भगवान शिव की कृपा पाने का सबसे उत्तम समय माना जाता है. इस दौरान भक्त पूजा-पाठ और व्रत के साथ अपनी सामर्थ्य अनुसार दान-पुण्य भी करते हैं. शास्त्रों के अनुसार सावन में किए गए दान का फल कई गुना होकर प्राप्त होता है, लेकिन नियमों की अनदेखी करने पर आपकी पूजा का पुण्य फल अधूरा रह सकता है.

सावन के महीने में अन्न और अनाज का दान सर्वोत्तम माना गया है. जरूरतमंदों को चावल, गेहूं या सात्विक भोजन दान करने से घर में अन्नपूर्णा की कृपा बनी रहती है. यदि आपके घर में आर्थिक तंगी बनी रहती है, तो सावन में किसी भूखे व्यक्ति को भोजन कराना अत्यंत कल्याणकारी सिद्ध होता है.

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन में सफेद रंग की वस्तुओं का दान करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है. दूध, दही, मिश्री, सफेद मिठाई और सफेद वस्त्र दान करने से कुंडली में चंद्रमा मजबूत होता है. इससे व्यक्ति को मानसिक तनाव से मुक्ति मिलती है और घर में सुख-समृद्धि का वास होता है.

ग्रह दोषों से शांति पाने के लिए सावन में काले तिल, रुद्राक्ष और चांदी की वस्तुओं का दान करना चाहिए. सावन के सोमवार या शनिवार को काले तिल का दान करने से शनि दोष दूर होता है. वहीं, रुद्राक्ष या चांदी का दान करने से अकाल मृत्यु का भय समाप्त होता है और व्यक्ति को आरोग्य की प्राप्ति होती है.

दान का पूरा फल पाने के लिए कुछ विशेष नियमों का पालन करना अनिवार्य है. दान हमेशा शुद्ध, स्वच्छ और अपनी श्रद्धा के अनुसार निस्वार्थ भाव से करना चाहिए. किसी भी व्यक्ति को पुराने, कटे-फटे वस्त्र या बासी भोजन का दान कभी न करें, क्योंकि इससे पुण्य मिलने के बजाय दोष लगता है.

सावन के महीने में दान करने का सबसे सही समय सुबह स्नान और शिव पूजन के तुरंत बाद माना जाता है. सावन के सोमवार, शिवरात्रि या अमावस्या तिथि पर किया गया दान सबसे अधिक फलदायी होता है. हमेशा ध्यान रखें कि दान केवल सही और जरूरतमंद व्यक्ति को ही दें ताकि आपकी पूजा का पूर्ण फल प्राप्त हो सके.
Published at : 08 Aug 2026 09:00 AM (IST)