
Thyroid Ki Vajah Se Bal Jhadate Hain Hya? कंघी करते समय मुट्ठी भर बाल निकलना या नहाने के बाद बाथरूम में बालों का ढेर दिखना कई लोगों के लिए चिंता की वजह बन जाता है. ऐसे में ज्यादातर लोग नया तेल, शैंपू या घरेलू नुस्खे आजमाने लगते हैं. लेकिन कई बार बालों के लगातार झड़ने की वजह सिर की नहीं, बल्कि शरीर के अंदर छिपी एक समस्या होती है. ऐसी ही एक वजह थायराइड भी हो सकती है. अगर थायराइड हार्मोन का स्तर बिगड़ जाए, तो इसका असर बालों की बढ़त पर भी पड़ सकता है. आइए जानते हैं कि थायराइड और बाल झड़ने के बीच क्या संबंध है.
क्या थायराइड की वजह से झड़ सकते हैं बाल?
अगर बाल झड़ने के साथ आपको हर समय थकान महसूस होती है, बिना किसी खास वजह के वजन तेजी से बढ़ने या घटने लगा है, त्वचा और बाल पहले से ज्यादा रूखे हो गए हैं या फिर ठंड और गर्मी सामान्य से ज्यादा महसूस होने लगी है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
बाल झड़ने के साथ दिखने वाले थायराइड के लक्षण
इसके अलावा कब्ज की शिकायत, दिल की धड़कन में बदलाव, याददाश्त कमजोर होना या ध्यान लगाने में परेशानी जैसे लक्षण भी थायराइड की ओर इशारा कर सकते हैं. ऐसे में डॉक्टर की सलाह लेकर थायराइड की जांच कराना बेहतर रहता है.
हाइपोथायराइड और हाइपरथायराइड में Hair Fall क्यों होता है?
थायराइड की समस्या होने पर बाल पतले हो सकते हैं और सामान्य से ज्यादा झड़ सकते हैं. यह समस्या सिर्फ हाइपोथायराइड (जब थायराइड हार्मोन कम बनता है) ही नहीं, बल्कि हाइपरथायराइड (जब हार्मोन जरूरत से ज्यादा बनता है) में भी देखी जा सकती है.
थायराइड हार्मोन बालों की बढ़त के चक्र को प्रभावित करते हैं. जब इनका संतुलन बिगड़ता है, तो ज्यादा बाल एक साथ झड़ने की अवस्था में पहुंच सकते हैं.
Also Read: किस बीमारी की वजह से सफेद होते हैं बाल? जानें 5 बड़ी वजहें
क्या इलाज के बाद बाल दोबारा आ सकते हैं?
अच्छी बात यह है कि अगर बाल झड़ने की वजह थायराइड है और उसका सही इलाज शुरू हो जाए, तो कई लोगों में बालों का झड़ना धीरे-धीरे कम हो सकता है और नए बाल भी आने लगते हैं. हालांकि इसमें कुछ महीने लग सकते हैं. इसलिए धैर्य रखना और डॉक्टर की सलाह के अनुसार इलाज जारी रखना जरूरी है.

बाल झड़ने के अन्य कारण क्या हैं?
यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि बाल झड़ने के कई दूसरे कारण भी हो सकते हैं. जैसे शरीर में आयरन, प्रोटीन, जिंक या दूसरे जरूरी पोषक तत्वों की कमी, तनाव, कुछ दवाएं, आनुवंशिक कारण या दूसरी स्वास्थ्य समस्याएं.
इसलिए सिर्फ बाल झड़ने के आधार पर थायराइड का अनुमान नहीं लगाना चाहिए. सही वजह जानने के लिए डॉक्टर की सलाह और जरूरत पड़ने पर खून की जांच करानी चाहिए.
कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए?
अगर कई हफ्तों से लगातार बाल झड़ रहे हैं, बाल तेजी से पतले हो रहे हैं या इसके साथ थायराइड के दूसरे लक्षण भी दिखाई दे रहे हैं, तो एंडोक्राइनोलॉजिस्ट या त्वचा रोग विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर रहेगा.
समय पर जांच और इलाज शुरू होने से समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है.





