धर्म

Kanwar Yatra 2026: सावन में क्यों खास मानी जाती है कांवड़ यात्रा ? महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी ने बताया रहस्य


Kanwar Yatra 2026: सनातन परंपरा में सावन के महीने को भक्ति, उपासना और तपस्या का सबसे पवित्र समय माना जाता है. मान्यता है कि सावन के इस पावन महीने में अगर सच्चे मन से भगवान शिव को महज एक लोटा जल भी अर्पित कर दिया जाए, तो महादेव अपने भक्त के सभी कष्ट हर लेते हैं और जीवन में समस्त सुखों की वर्षा करते हैं. इस साल कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू हो रही है. 

हरिद्वार से शिवालय तक श्रद्धा की अनोखी यात्रा

सावन शुरू होते ही देश के कोने-कोने से करोड़ों शिवभक्त कावड़िए हरिद्वार और अन्य पवित्र नदियों की ओर रुख करते हैं. कंधे पर कावड़, जुबां पर ‘बम-बम भोले’ का नाम और दिल में महादेव का ध्यान लेकर भक्त मां गंगा का पवित्र जल भरते हैं और सैकड़ों किलोमीटर पैदल चलकर शिवालयों तक पहुंचते हैं. यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि भक्ति की पराकाष्ठा का प्रतीक है.

कांवड़ यात्रा के कठिन नियम और अनुशासन

कांवड़ यात्रा केवल पैदल चलने का नाम नहीं है, बल्कि इसके नियम बेहद कठिन और नियमबद्ध होते हैं. कावड़ को कभी भी सीधे जमीन पर नहीं रखा जाता. यात्रा के दौरान पूर्ण सात्विकता, पवित्रता और ब्रह्मचर्य का पालन अनिवार्य माना जाता है. बिना किसी से कटु वचन बोले, मन में निरंतर शिव नाम का जाप करते हुए ही कावड़िया अपनी यात्रा पूरी करता है.

आत्मशुद्धि और शिव कृपा का सर्वोत्तम मार्ग

कावड़ यात्रा की महिमा और इसके धार्मिक महत्व पर निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी का कहना है कि कावड़ यात्रा आत्म-शुद्धि और भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने का सबसे उत्तम मार्ग है. उनके अनुसार यह यात्रा केवल बाहरी नहीं, बल्कि आंतरिक साधना और आत्मिक शुद्धि का भी माध्यम है.

स्वामी कैलाशानंद गिरी की कावड़ियों से विशेष अपील

स्वामी कैलाशानंद गिरी ने सभी शिवभक्त कावड़ियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान मर्यादा का पालन करें और किसी भी प्रकार की उग्रता या अभद्रता से बचें, क्योंकि कावड़िया स्वयं भगवान शिव का स्वरूप माना जाता है.

यात्रा के दौरान इन बातों का रखें विशेष ध्यान

उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा बनाए गए यातायात और सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करें. साथ ही गंगा घाटों और कावड़ यात्रा मार्गों की पवित्रता एवं स्वच्छता बनाए रखना भी प्रत्येक श्रद्धालु का धार्मिक कर्तव्य है. यही सच्ची शिवभक्ति और कांवड़ यात्रा की मर्यादा है.

(FAQs) कांवड़ यात्रा 2026

Q1. सावन में कांवड़ यात्रा का क्या महत्व है?
उत्तर: सनातन धर्म में सावन के महीने में कांवड़ यात्रा का विशेष महत्व माना गया है. इस दौरान श्रद्धालु पवित्र नदियों से जल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं. मान्यता है कि इससे शिव कृपा प्राप्त होती है, पापों का क्षय होता है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं.

Q2. कांवड़ यात्रा के दौरान किन नियमों का पालन करना चाहिए?
उत्तर: कांवड़ यात्रा के दौरान सात्विक भोजन, ब्रह्मचर्य, स्वच्छता और पवित्रता का पालन करना चाहिए. कांवड़ को जमीन पर नहीं रखना चाहिए, शिव नाम का जाप करते रहना चाहिए तथा यात्रा के दौरान अनुशासन और मर्यादा बनाए रखनी चाहिए.

Q3. कांवड़ यात्रा में गंगाजल ही क्यों चढ़ाया जाता है?
उत्तर: धार्मिक मान्यता के अनुसार मां गंगा भगवान शिव की जटाओं से पृथ्वी पर अवतरित हुई हैं. इसलिए गंगाजल को अत्यंत पवित्र माना जाता है और सावन में शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित करने से भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होते हैं.

Q4. स्वामी कैलाशानंद गिरी कौन है ?
उत्तर: स्वामी कैलाशानंद गिरी निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर हैं. वे सनातन धर्म, वेद-पुराण, आध्यात्मिक परंपराओं और धार्मिक विषयों के प्रमुख संतों में गिने जाते हैं. कांवड़ यात्रा, कुंभ, शिवभक्ति और सनातन परंपरा से जुड़े विषयों पर उनके विचारों को श्रद्धालु और धार्मिक समाज में विशेष महत्व दिया जाता है.

मंडी के भूतनाथ मंदिर में सावन की धूम, राजा के एक सपने ने बदल दिया यहां का इतिहास

Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें. 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button