

Indian Rupee Currency Notes: देश में प्लास्टिक वाले करेंसी नोट लाने की तैयारी चल रही है. केंद्रीय बैंक RBI के गवर्नर ने MPC की मीटिंग के बाद बताया था कि ये विचार अभी शुरुआती चरण में है. दुनिया के कई देशों में प्लास्टिक वाले नोट चलन में हैं, जो मूलत: बेहद मजबूत ‘पॉलीमर’ के होते हैं. सिक्योरिटी फीचर्स और टिकाऊपन के लिहाज से ये बेहतर होते हैं. भारत में भी आने वाले समय में ऐसे नोट चलन में आएंगे. इस बीच ऐसी खबरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं कि प्लास्टिक वाले नोट आने पर कागज वाले नोट बंद हो जाएंगे, जो अभी चलन में हैं. जो आपकी जेब में, आपके पर्स में पड़े हैं. ऐसे में लोगों के मन में ये सवाल उठना लाजिमी है कि क्या सच में कागज वाले नोट बंद होने वाले हैं. RBI की ओर से इसका जवाब दिया है सरकारी सूचना एजेंसी PIB ने. इसने बताया है कि वायरल हो रही जानकारी पूरी तरह फर्जी है.
RBI की ओर से PIB ने बता दी सच्चाई
सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट में भी RBI का ही हवाल दिया जा रहा है. इन भ्रामक दावों को लेकर प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक यूनिट ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. सरकारी एजेंसी ने साफ किया है कि कागज वाले नोटों के बंद होने की खबर, जो वायरल हो रही है, वो पूरी तरह फर्जी है.
PIB फैक्ट चेक ने वायरल दावे का खंडन करते हुए कहा, ‘कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में यह दावा किया जा रहा है कि 30 जून 2026 से RBI कागज के नोटों को वापस लेकर उनकी जगह प्लास्टिक करेंसी नोट जारी करने जा रहा है. PIB ने इस दावे को पूरी तरह फर्जी बताया है.
PIB के अनुसार, RBI की ओर से ऐसी कोई योजना नहीं बनाई गई है. न तो कागज के नोट वापस लिए जा रहे हैं और न ही उन्हें प्लास्टिक नोटों से बदलने की कोई घोषणा की गई है. PIB की ओर से अपील की गई है कि वे ऐसी किसी भी जानकारी पर विश्वास करने से पहले RBI की आधिकारिक वेबसाइट से उसकी पुष्टि जरूर कर लें.
प्लास्टिक वाले नोट पर क्या अपडेट है?
देश में आने वाले समय में प्लास्टिक के नोट चलन में आ सकते हैं. RBI के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बताया है कि रिजर्व बैंक देश में प्लास्टिक की करेंसी नोट जारी करने पर विचार कर रहा है, हालांकि, अभी इस पर कोई भी आखिरी फैसला नहीं लिया गया है. मीडिया और सोशल मीडिया पर प्लास्टिक के नोटों की तैयारी को लेकर कई खबरें आई थीं, जिन पर गवर्नर ने भी माना था कि पॉलिमर नोटों से जुड़ी रिपोर्ट्स में सच्चाई है. हालांकि उन्होंने कहा, ‘रिजर्व बैंक अभी तक किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंचा है. आरबीआई, फिलहाल इसके फायदे और नुकसान का रिव्यू कर रहा है.’
उन्होंने कहा, ‘केंद्रीय बैंक ये देख रहा है कि देश में इस लागू करना क्या वाकई में फायदेमंद साबित होगा या फिर नहीं. ये प्लान अभी शुरुआती फेज में है और जैसे ही कोई बड़ा फैसला लिया जाता है तो इसकी जानकारी दी जाएगी.’
(Source: PIB Fact Check, X Posts, IANS)
ये भी पढ़ें: SpaceX IPO: एलन मस्क का पार्टनर बनने को टूट पड़े निवेशक, 75 बिलियन डॉलर चाहा था, आ गए 250 बिलियन डॉलर!





