खबर

सोमवती अमावस्या से पहले हरिद्वार में हर तरफ जाम! चार धाम यात्रा के चलते बढ़ी श्रद्धालु की संख्या | haridwar traffic jam 2026 somvati amavasya crowd char dham yatra rush uttarakhand travel update 



सोमवती अमावस्या से पहले हरिद्वार में भक्तों की भीड़ ने ट्रैफिक व्यवस्था की हालत बिगाड़ दी है. चारधाम यात्रा, वीकेंड और स्कूलों की छुट्टियों के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं. हालात ऐसे हैं कि हरिद्वार की ओर जाने वाले लगभग सभी रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है. कई जगह जाम जैसे हालात बनते दिख रहे हैं.

यात्रा सीजन और छुट्टियों का डबल असर

इन दिनों उत्तराखंड में चारधाम यात्रा जारी है. साथ ही बच्चों के स्कूलों की छुट्टियां और वीकेंड होने के कारण बड़ी संख्या में लोग हरिद्वार का रुख कर रहे हैं. ऊपर से सोमवार को सोमवती अमावस्या का स्नान होने वाला है, जिससे श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ गई है.

ट्रेन और बसें फुल, लोग अपनी गाड़ियों से पहुंच रहे

हरिद्वार आने वाली लगभग सभी ट्रेनें और बसें पूरी तरह भरी हुई हैं. सीट न मिलने के कारण ज्यादातर श्रद्धालु अपनी निजी गाड़ियों से ही यात्रा कर रहे हैं. इसी वजह से सड़कों पर वाहनों की संख्या अचानक बढ़ गई है.

हाईवे पर रेंगते वाहन, जगह-जगह जाम  

दिल्ली-हरिद्वार और लखनऊ-हरिद्वार हाईवे पर लगातार वाहनों की आवाजाही बनी हुई है. स्थिति यह है कि कई जगह वाहन रेंगते हुए नजर आ रहे हैं. मुख्य चौराहों और व्यस्त मार्गों पर जाम जैसे हालात बनने लगे हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है. जहां एक ओर भीड़ का दबाव बढ़ा हुआ है, वहीं तेज गर्मी ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं.  

पार्किंग फुल, सड़कों पर वाहनों का दबाव

हरिद्वार में इतनी संख्या में वाहन पहुंच रहे हैं कि पार्किंग स्थान पूरी तरह भर चुके हैं. सड़कों पर चारों तरफ गाड़ियां ही गाड़ियां नजर आ रही हैं. ऐसे में ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है.

स्थिति को संभालने के लिए पुलिस और ट्रैफिक पुलिस लगातार सड़कों पर तैनात हैं. भीड़ और ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया गया है. हालांकि, वाहनों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण दवाब कम नहीं हो रहा है.

प्रशासन का ट्रैफिक प्लान तैयार 

प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया है और उसे लागू भी किया गया है. लेकिन यह व्यवस्था कितनी कारगर साबित होगी, यह आने वाले दिनों में ही साफ होगा. जिस तरह अभी से भारी भीड़ देखने को मिल रही है, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अगले तीन दिन यातायात व्यवस्था पर भारी पड़ सकते हैं.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button