

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में शादी के अगले ही दिन नवविवाहित जोड़े की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. जिस घर में एक दिन पहले शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अगले ही दिन मातम पसर गया. दूल्हे का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला, जबकि दुल्हन मृत अवस्था में फर्श पर पड़ी थी. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
मंदिर में हुई थी शादी
यह घटना बांसी कोतवाली क्षेत्र के जनियाजोत गांव की है. गांव निवासी 22 साल के देशराज चौहान की शादी 21 सितंबर को जोगिया कोतवाली क्षेत्र के कड़जहवा गांव की रहने वाली अनीता चौहान से बांसी स्थित टेकधर बाबा मंदिर में हुई थी. शादी दोनों परिवारों की सहमति से हुई थी और समारोह में दोनों पक्षों के परिजन भी मौजूद थे.
शादी के बाद सभी लोग खुशी-खुशी घर लौटे. रात में खाना खाने के बाद परिवार के लोग अपने-अपने कमरों में सोने चले गए. अगले दिन सुबह करीब 5 बजे जब परिजन नवदंपति के कमरे में पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए.
कमरे में फंदे से लटका मिला दूल्हा
परिजनों के मुताबिक, कमरे का दरवाजा खुला हुआ था. अंदर देशराज का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी अनीता फर्श पर मृत अवस्था में पड़ी थी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
अप्रैल 2027 में होनी थी शादी
देशराज के पिता ने बताया कि दोनों परिवार इस रिश्ते से खुश थे. उनकी शादी अप्रैल 2027 में होनी तय हुई थी, लेकिन कुछ दिन पहले अनीता उनके घर आ गई थी. सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से 21 सितंबर को शादी करा दी. उन्होंने कहा कि देशराज ने कभी किसी तनाव या परेशानी की बात नहीं की थी. ऐसे में दोनों के साथ क्या हुआ, यह उनकी समझ से परे है.
दुल्हन के परिवार ने लगाया हत्या का आरोप
वहीं अनीता के पिता और बड़ी बहन ने इस मामले को हत्या बताया है. उनका आरोप है कि देशराज और अनीता एक-दूसरे से शादी करके खुश थे, लेकिन लड़के के परिवार के कुछ सदस्य इस रिश्ते से संतुष्ट नहीं थे.
परिजनों का आरोप है कि लड़के पक्ष की ओर से 50 हजार रुपये नकद और मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी. उनका कहना है कि शादी जल्दबाजी में हुई, इसलिए वे तत्काल यह मांग पूरी नहीं कर सके और बाद में देने की बात कही गई थी.
अनीता के परिवार का दावा है कि अगर दोनों शादी से खुश नहीं होते तो यह घटना पहले भी हो सकती थी. उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों की हत्या की गई है और मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.
पुलिस क्या कह रही है?
बांसी सर्कल के सीओ शुभेंदु सिंह ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 7 बजे घटना की सूचना मिली थी. पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
उन्होंने कहा कि फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी. रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विवेचना की जाएगी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल यह रहस्य बना हुआ है कि नवविवाहित जोड़े ने आत्महत्या की या फिर उनकी हत्या की गई. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा है और सभी की नजर अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सकेगी.
(सलमान आमिर के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें: करोड़ों की तिजोरी कांड का खुलासा: हिमाचल-उत्तराखंड पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन में आबकारी कर्मी समेत 4 गिरफ्तार





