

मुंबई के एक रियल एस्टेट एजेंट ने कुछ दिन पहले एक वायरल वीडियो में 6.5 करोड़ रुपये का फ्लैट बेचने की कोशिश की थी. हालांकि, उसने शर्त रखी थी कि केवल शुद्ध शाकाहारी लोग ही उससे संपर्क करें. वीडियो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ा जिसके बाद अब एजेंट ने माफी मांग ली है.
वायरल वीडियो में दिख रहे शख्स का नाम भावने कावरे बताया जा रहा है जो पिछले कुछ समय से प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर रहे हैं. कुछ दिन पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालकर 6.5 करोड़ रुपये का फ्लैट बेचने की बात कही थी. उन्होंने वीडियो में लोगों को फ्लैट की भव्यता और खूबसूरती भी दिखाई. हालांकि, वीडियो के अंत में उन्होंने शर्त रखी कि केवल शाकाहारी लोग ही उनसे संपर्क करें.
वीडियो वायरल होने के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के नेता अमित ठाकरे ने उन्हें फटकार लगाई थी. उन्होंने कहा था कि मुंबई पहले से ही कई दिक्कतों से जूझ रही है और अब जनता को दूसरे मुद्दों की तरफ डायवर्ट करने की कोई जरूरत नहीं है.
विवाद बढ़ने के बाद भावने कावरे ने अब माफी मांग ली है. जारी बयान में उन्होंने कहा, “अगर मेरे बयान की वजह से मुंबई के लोगों को ठेस पहुंची है, तो मैं माफी मांगता हूं. मैं अमित ठाकरे से भी माफी मांगती हूं. मैं इस मुद्दे को आगे नहीं बढ़ाना चाहता हूं. अब मैं कानून के दायरे में रहते हुए आगे बढ़ूंगा.” बयान में उन्होंने आगे कहा कि वह पिछले कई सालों से मराठी लोगों को घर उपलब्ध करवा रहे हैं और आगे भी ऐसा करते रहेंगे.
वैसे ऐसा नहीं है कि सिर्फ एमएनएस ने ही भावने के इस वीडियो पर आपत्ति दर्ज करवाई हो. इस वीडियो के सामने आने के बाद कई दूसरे लोगों ने भी भावने की नीयत पर सवाल उठाए थे. सोशल मीडिया पर कई तरह के कमेंट कर सवाल दागे गए थे. यहां तक कहा गया था कि क्या अगर कोई इस फ्लैट को खरीदता है तो क्या उसे लगातार मॉनिटर किया जाएगा. लेकिन अब इस विवाद के बीच माफी मांग ली गई है.





