खबर

सहारनपुर में मंदिर पर प्रसाद चढ़ाने गया था 12 साल का बच्चा, कुत्तों के झुंड ने नोच-नोचकर ले ली जान | Saharanpur Tragedy 12-Year-Old Boy Mauled to Death by Stray Dogs While Visiting Religious Site



उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में आवारा कुत्तों के हमले में 12 साल किशोर की दर्दनाक मौत हो गई. यह घटना बेहट थाना क्षेत्र के खुर्रमपुर गांव की है, जहां गोगा म्हाड़ी पर प्रसाद चढ़ाने पहुंचे एक किशोर पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया. मृतक की पहचान मन्नू पुत्र जुगल किशोर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मन्नू बुधवार को गोगा म्हाड़ी पर प्रसाद चढ़ाने के लिए पहुंचा था. इसी दौरान वहां घूम रहे कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया.

कुत्तों के झुंड ने घेरकर किया हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्तों ने किशोर को बुरी तरह नोच डाला. उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. गंभीर चोटों के कारण मन्नू की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया.

मजदूरी कर परिवार चला रहे हैं माता-पिता

जानकारी के मुताबिक, मन्नू का परिवार मूल रूप से मुरादाबाद का रहने वाला है. परिवार पिछले करीब 10 वर्षों से आलमपुर खुर्द क्षेत्र में रहकर पॉली हाउस में मजदूरी करता है. मन्नू अपने परिवार के साथ यहीं रहता था.

डेढ़ महीने में तीसरी घटना

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में आवारा और जंगली कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. लोगों के मुताबिक, पिछले करीब डेढ़ महीने में बच्चों पर कुत्तों के हमले और मौत की यह तीसरी घटना है. गांव वालों का आरोप है कि कुत्तों के झुंड आबादी वाले क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों के आसपास घूमते रहते हैं, जिससे खासकर बच्चों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है.

ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है. उनका कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में और भी जानें जा सकती हैं. ग्रामीणों ने आबादी वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की भी मांग की है.

यह भी पढ़ें: क्राइम सीन पर अब नहीं छूटेगा कोई सुराग! यूपी के 75 जिलों में अपराधियों का काल बनेगी ‘स्पेशल 32’ की मास्टर ट्रेनिंग





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button