

नई दिल्ली:
अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले ने सभी को हैरान कर दिया. इस घटना की जांच एसआईटी द्वारा की जा रही है और मामले में अब तक आठ लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है. यूपी पुलिस की एसआईटी में जांच के बाद 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. मंदिर के चढ़ावा प्रबंधन में चूक पाए जाने पर आरएमओ पर भी कार्रवाई की गई है. चोरी होने के बाद ट्रस्ट के महासचिव पद से इस्तीफा देने के बाद पुलिस ने चंपत राय से करीब 3 घंटे तक पूछताछ की है. पुलिस ने उनसे कर्मचारियों की जबाबदेही और चढ़ावा प्रबंधन को लेकर सवाल पूछे थे. इस मुद्दे पर टेलीविजन और फिल्म एक्टर अखिलेंद्र मिश्रा ने अपनी नाराजगी जाहिर की और एनडीटीवी से बात कर इस मामले पर अपनी राय रखी.
गुस्सा जाहिर किया
एक्टर अखिलेंद्र मिश्रा ने अयोध्या में चोरी को लेकर अपना गुस्सा जाहिर किया और कहा कि जिन लोगों ने यह इतना बड़ा घोर पाप और गंदा काम किया है. उनको ईश्वर बिल्कुल भी माफ नहीं करेंगे. उनको उनके कर्मों की सजा जरूर मिलेगी. यह एक सोचने वाली बात है कि जो मंदिर इतने बड़े पैमाने पर बनाया गया है उस मंदिर के अंदर चोरी होना यह सोचने का विषय है. एक्टर ने आगे कहा कि इस मंदिर में चोरी वही कर सकता है, जिसको इस मंदिर के सिस्टम के बारे में पूरा पता हो. आमतौर पर कोई भी आदमी इतनी आसानी से मंदिर से चोरी नहीं कर सकता. यह तो गीता में भी लिखा है, आप जैसा कर्म करोगे, आपको वैसा ही फल मिलना है. जिसने भी मंदिर में चोरी की है वो भगवान के दंड से कभी नहीं बचेगा. उसको प्रशासन द्वारा दंड देने की कोई जरूरत नहीं है, उसको ईश्वर ही दंड देंगे.
बता दें अखिलेंद्र मिश्रा ने साल 2008 में आए शो रामायण में रावण का किरदार किया था. यह शो उस वक्त का एक हिट टीवी शो था. अखिलेंद्र की आवाज और रावण का निभाया हुआ किरदार को दर्शक आज भी याद करते हैं. वैसे तो अखिलेंद्र ने अपने करियर में काफी बड़े शोज और फिल्में की हैं. लेकिन रामायण उनके उस प्रोजेक्ट में से एक है, इसके बारे में लोग आज भी बातें करते हैं.
मंदिर में चोरी के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन, लोगों ने नाराजगी
अखिलेंद्र मिश्रा ने आगे कहा कि यह कलयुग है, कलयुग में ये सब चीजें होना शुरू हो चुकी हैं. मैं आस्तिक इंसान हूं और कर्मों पर पूरा विश्वास रखता हूं जो जैसा कर्म करेगा वैसा फल पाएगा. राम मंदिर चंदा चोरी का विरोध पूरे देश भर में देखा जा रहा है. चोरी प्रकरण के विरोध में बनारस और मुंबई सहित कई शहरों में राजनीतिक दल प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रदेश के जाने-माने नेता भी इस मामले से जुड़े मुद्दे में कूद चुके हैं. इसके अलावा पुलिस ने भी कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच तेज कर दी है. अयोध्या बार एसोसिएशन ने आरोपियों का कोई भी कानूनी केस न लड़ने का फैसला लिया है.
यह भी पढ़ें: राम मंदिर चोरी पर भड़के रामायण के लक्ष्मण, बताया- क्या मिले सजा





