खबर

मॉनसून ने लिया यू-टर्न, जम्मू-कश्मीर से उत्तराखंड और नॉर्थ ईस्ट तक तबाही, बारिश-बाढ़ में 16 की मौत | Monsoon Turns Active Across North India many Dead in Floods and Landslides IMD Issues Heavy Rain Alert


देश के कई राज्यों में मॉनसून ने यू-टर्न ले लिया है. जम्मू-कश्मीर से लेकर नॉर्थ ईस्ट के राज्यों तक भारी बारिश हो रही है. कई जगह बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं. भारी बारिश, लैंड स्लाइड और बाढ़ की वजह से 16 लोगों की मौत हो गई है. जम्मू-कश्मीर सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है. वहीं बंगाल से लेकर उत्तराखंड और नागालैंड तक भारी बारिश से तबाही हुई है.

मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून के सक्रिय रहने का अनुमान लगाया है, जबकि अगले 7 दिनों तक पश्चिम-मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की गतिविधि कम रहने की भविष्यवाणी की है.

जम्मू-कश्मीर में 11 लोगों की मौत

PTI की रिपोर्ट के अनुसार, जम्मू-कश्मीर सबसे बुरी तरह प्रभावित हुआ, जहां पुंछ और राजौरी जैसे सीमावर्ती जिलों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ आने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लापता हो गए, जिसके बाद कई एजेंसियों ने मिलकर बचाव अभियान चलाया.

सबसे ज्यादा तबाही पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील से सामने आई, जहां सबसे ज्यादा मौतें हुईं. अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश और क्षतिग्रस्त सड़कों के बीच लापता लोगों का पता लगाने के लिए बचाव दल समय के खिलाफ दौड़ रहे थे.

जम्मू-कश्मीर राज्य का दर्जा बहाल करने के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के लिए दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपनी यात्रा छोटी करने और दोपहर में जम्मू लौटने का फैसला किया. वहीं उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बारिश और अचानक बाढ़ से प्रभावित जिलों में स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में भीषण बाढ़

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में भीषण बाढ़
Photo Credit: IANS

अमरनाथ यात्रा रोकी गई

इसके अलावा, अधिकारियों ने पहलगाम और बालटाल मार्गों पर अमरनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया, क्योंकि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में पूरे जम्मू-कश्मीर में व्यापक बारिश का अनुमान लगाया है. अधिकारियों ने कश्मीर क्षेत्र में बालटाल और नुनवान/चंदनवाड़ी बेस कैंप और जम्मू में भगवती नगर यात्री निवास से आगे बढ़ने पर रोक लगा दी.

बारिश की शुरुआत रविवार तड़के हुई, जब कश्मीर के जंगलों में बादल फटने की घटनाएं हुईं. मौसम विभाग ने 19 से 23 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर में मध्यम से व्यापक बारिश का अनुमान लगाया है.

उत्तराखंड में दो लोगों की मौत

उत्तराखंड में, हरिद्वार जिले में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि लगातार बारिश ने राज्य के ज्यादातर हिस्सों को प्रभावित किया. प्रशासन ने 10 जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (SEOC) के अनुसार, लगातार बारिश की वजह से हुए लैंडस्लाइड ने राज्य में अलग-अलग जगहों पर 84 सड़कों को बंद कर दिया है, जिनमें दो नेशनल हाईवे भी शामिल हैं.

मौसम विभाग ने रविवार से अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और बागेश्वर जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है, जबकि चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है.

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बाढ़ जैसे हालात

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बाढ़ जैसे हालात
Photo Credit: IANS

नागालैंड में भी बारिश से भारी तबाही

अधिकारियों ने बताया कि नागालैंड के मोन जिले में अचानक आई बाढ़ में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई. बाढ़ ने घरों को बहा दिया, सड़कों को बंद कर दिया और कई लोगों को मलबे के नीचे फंसा दिया. मोन शहर में घरों, सड़कों और पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को भारी नुकसान की खबर है. कई इलाके पानी में डूब गए हैं और घंटों तक हुई भारी बारिश के बाद भूस्खलन से मुख्य रास्ते बंद हो गए हैं.

अधिकारियों ने मरने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया है, क्योंकि खबर है कि कई लोग अभी भी अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से आए मलबे के नीचे फंसे हुए हैं. नागालैंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त CEO जॉनी रुआंगमेई ने कहा कि रविवार सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में अचानक बाढ़ और जलजमाव हो गया, जबकि पहाड़ी ढलानों पर भूस्खलन से मुख्य सड़कें बंद हो गईं और ट्रैफिक बाधित हुआ.

बंगाल के जलपाईगुड़ी में बाढ़

बंगाल के जलपाईगुड़ी में बाढ़
Photo Credit: IANS

बंगाल में भी भारी बारिश का अलर्ट

पश्चिम बंगाल में मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों में उत्तरी जिलों में भारी बारिश का अनुमान लगाया है और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन तथा निचले इलाकों में अचानक बाढ़ की चेतावनी दी है. IMD ने कहा कि इस क्षेत्र की कुछ नदियों जैसे तीस्ता, तोर्सा, जलढाका और रायदक में जलस्तर बढ़ सकता है, क्योंकि शनिवार से ही उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में लगातार बारिश हो रही है. IMD के अनुसार, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है.

यह भी पढ़ें: कल का मौसम: दिल्ली, यूपी, बिहार से लेकर जम्मू-कश्मीर तक भारी बारिश, 22 राज्यों में IMD अलर्ट




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button