

मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में संपत्ति विवाद से जुड़ा एक बेहद शर्मनाक और मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. झारड़ा थाना क्षेत्र के अरनिया वेणा गांव में एक विवाहित महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट, अपमानजनक व्यवहार और सार्वजनिक उत्पीड़न की घटना हुई. आरोप है कि महिला जब अपने पति के परिवार से संपत्ति में हिस्सा मांगने ससुराल पहुंची तो गुस्साए परिजनों और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की, बाल काट दिए और जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया. घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है. पुलिस ने 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. इस घटना का वीडियो और फोटो इतने शर्मनाक हैं कि NDTV आपको दिखा नहीं सकता.
संपत्ति विवाद ने लिया हिंसक रूप
घटना उज्जैन से करीब 50 किलोमीटर दूर झारड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम अरनिया वेणा की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला का प्रेम प्रसंग के बाद विवाह हुआ था. विवाह के बाद से परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था. महिला अपने पति के साथ इंदौर में रह रही थी, लेकिन हाल ही में जमीन में हिस्सा मांगने के लिए वह गांव पहुंची थी. यहीं से विवाद ने गंभीर रूप ले लिया.
घर में घुसकर मारपीट का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 30 जून की सुबह वह घर में मौजूद थी. इसी दौरान आरोपी कथित तौर पर दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आए. महिला का आरोप है कि आरोपियों ने बाल पकड़कर उसे घर से बाहर घसीटा और उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की. विरोध करने पर महिलाओं समेत अन्य लोगों ने उसे जमीन पर घसीटा और गाली-गलौज की.
बाल काटे, कपड़े फाड़े और पहनाई जूतों की माला
पीड़िता के अनुसार मारपीट के दौरान उसके सिर के बाल काट दिए गए. आरोप है कि उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए और उसे अपमानित करने के लिए जूतों की माला पहनाई गई. इसके बाद उसे गांव में घुमाया गया. घटना के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाया, जो बाद में सामने आया और चर्चा का विषय बन गया.
पति के साथ भी हुई मारपीट
महिला ने शिकायत में बताया कि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पति को भी नहीं छोड़ा गया. आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की. मारपीट में पति को चेहरे, सीने और पेट में चोटें आईं, जबकि महिला को आंख, गाल, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें लगीं. स्थिति बिगड़ने पर डायल-112 को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची.
वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी
पीड़िता का आरोप है कि घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई. साथ ही आरोपियों ने दोनों पति-पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी. शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी.
11 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
झारड़ा थाना प्रभारी आनंद भाबोर के अनुसार महिला की शिकायत के आधार पर 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है. मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ मारपीट, अपमान, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत जांच की जा रही है.
तीन आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
एसडीओपी बोले- पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला
एसडीओपी ज़ेंडेन लिंगज़ेरपा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक और संपत्ति विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है. उन्होंने कहा कि महिला की शिकायत के आधार पर उसके पति, सास-ससुर, रिश्तेदारों और अन्य ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
महिला के साथ कथित तौर पर हुए इस दुर्व्यवहार ने पूरे क्षेत्र में चर्चा छेड़ दी है. वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है. पुलिस अब वीडियो फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें : कोरिया में पत्नी पर हैवानियत: मुंडन कर चेहरे पर पोती कालिख, जबरन पेशाब पिलाने का आरोप; पति गिरफ्तार
यह भी पढ़ें : कोबरा ने उगली मृत नागिन, शिवपुरी में हैरान करने वाला रेस्क्यू; सर्प मित्र भी चौंके, स्कूल परिसर का VIDEO वायरल
यह भी पढ़ें : दतिया उपचुनाव का ऐलान: कांग्रेस MLA राजेंद्र भारती की सदस्यता जाने के बाद 30 जुलाई को वोटिंग, 3 अगस्त को नतीजे
यह भी पढ़ें : खर्राटों से टूटने वाली थी शादी; 5 साल की शादी, पति से परेशान होकर पत्नी ने मांगा तलाक, जानिए कैसे बचा रिश्ता





