

बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही इलाके में उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब एक घटना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने के लिए जिलाधिकारी आनंद शर्मा और पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे. खोजपुर में नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर रखी थी और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही थी. इसी दौरान कुछ आक्रोशित महिलाओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी बहस हो गई. हालात इतने बिगड़ गए कि महिलाओं ने डीएम आनंद शर्मा के साथ धक्का-मुक्की करते हुए उनका कॉलर तक पकड़ लिया.
सामने आई तस्वीरों और वीडियो में महिलाओं और डीएम के बीच तीखी नोकझोंक देखी जा सकती है. स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया. इसके बाद प्रशासन ने लोगों से बातचीत कर माहौल को सामान्य बनाने की कोशिश की.
क्यों हुआ विवाद और पूरा मामला क्या है?
यह पूरा मामला सोमवार देर रात का बताया जा रहा है. रात करीब एक बजे बाबूबरही थाना की डायल-112 टीम को सूचना मिली कि बलिराजगढ़ गांव में गोलीबारी की घटना हुई है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई.
जानकारी के अनुसार, बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में ASI की ओर से खुदाई का कार्य चल रहा है. यहां तैनात ASI चंद्रमोहन सिंह का गांव की एक महिला से संबध था और इसी वजह से उनका वहां आना-जाना लगा रहता था. हालांकि, गांव के कुछ लोग इसे लेकर नाराज बताए जाते हैं. बताया जाता है कि सोमवार रात भी चंद्रमोहन सिंह उक्त महिला के घर पहुंचे थे. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने उन्हें घर के अंदर जाते देख बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और शोर मचाना शुरू कर दिया. देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए.
भीड़ बढ़ती देख चंद्रमोहन सिंह ने खुद को घिरा हुआ महसूस किया. आरोप है कि बचने के प्रयास में उन्होंने घर की खिड़की से अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकालकर कई राउंड फायरिंग कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई. इस घटना में चार लोगों को गोली लगी, जिनमें संबंधित महिला भी शामिल है. गोली लगने से 45 वर्षीय अशोक यादव की मौके पर ही मौत हो गई.
प्रशांत झा की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें : बिहार में आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया ड्यूटी पर तैनात ASI, की अंधाधुंध फायरिंग, 1 की मौत 3 घायल





