
मुंबई:
फिल्म डॉयरेक्टर रोहित शेट्टी को शनिवार सुबह एक बार फिर से धमकी भरा फोन आया. बताया जा रहा है कि कॉल करने वाले शख्स ने 20 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की है. रोहित शेट्टी के खिलाफ इस ताजा धमकी ने मुंबई पुलिस में हलचल मचा दी है. फोन करने वाले की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है और अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या इस घटना के पीछे भी बिश्नोई गिरोह का हाथ है.
कुछ महीने पहले, बिश्नोई गिरोह के सदस्यों ने रोहित शेट्टी के घर पर गोलीबारी की थी. क्राइम ब्रांच ने उस घटना के संबंध में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया है.

घर पर फायरिंग में नेपाल से फंडिंग का खुलासा

फायरिंग को अंजाम देने वाले शूटर्स को दी गई रकम सीधे बैंक खातों में जमा कराई गई थी, जिसमें एटीएम के जरिए कैश ट्रांजैक्शन का इस्तेमाल किया गया. जांच में सामने आया कि आरोपियों के खाते में रकम अज्ञात व्यक्ति के जरिए डाली गई थी, जिसके बैंक डिटेल्स को पुलिस खंगालने की कोशिश कर रही है. मुंबई क्राइम ब्रांच साक्ष्य जुटा रही है कि पैसा कहां से आया और किसने भेजा. क्राइम ब्रांच के मुताबिक, इस लेनदेन का कनेक्शन नेपाल से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है.
बता दें कि रोहित शेट्टी के जुहू वाले बंगले पर अचानक कुछ हमलावरों ने गोलीबारी की थी. पुलिस के अनुसार 31 जनवरी और एक फरवरी के बीच रात 12 बजकर करीब 45 मिनट पर शेट्टी के नौ मंजिला आवासीय टावर पर पांच गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली इमारत में स्थित एक जिम के शीशे पर लगी. गनीमत रही थी कि किसी को चोट नहीं पहुंची. मामले में पुलिस 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिसमें उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा के अलग-अलग जगहों से गिरफ्तारी की गई है.
इसे भी पढ़ें: Exclusive: साजिश से फरारी तक हर कदम में शामिल… रोहित शेट्टी फायरिंग केस में गिरफ्तार प्रदीप ने खोले कई राज
इसे भी पढ़ें: हवाला के पैसों से बनी थी रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की प्लानिंग, गोलू पंडित को लॉरेंस ने कहा था-मुंह बंद रखना





