खबर

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज संगठन के साथ की 3 घंटे तक बैठक, सभी प्रदेशों के अध्यक्ष और प्रभारी भी पहुंचे | BJP President Nitin Navin held a three-hour meeting with the organization today; state presidents and in-charges also attended



टीम बनाने के बाद नितिन नवीन पूरे फॉर्म में हैं. कल अपनी नई टीम से मिलने के बाद आज उन्होंने पूरे देश के संगठन पदाधिकारियों की बैठक बुलाई.करीब तीन घंटे चली इस बैठक का मुख्य फोकस पार्टी संगठन को मजबूत करने और उसके संगठनात्मक नेटवर्क का विस्तार करने के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करना रहा.

कौन-कौन पहुंचा बैठक में

इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, सुनील बंसल, संजय भाटिया, स्मृति ईरानी, ​​हरीश द्विवेदी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी तरुण चुघ, बैजयंत पांडा, राजीव चंद्रशेखर, रेखा वर्मा, हर्ष मल्होत्रा, श्रीकांत शर्मा, संदीप पाठक, लाल सिंह आर्य और मनोज टिग्गा समेत सभी प्रदेशों के अध्यक्ष और प्रभारी भी मौजूद रहे. यह बैठक ऐसे समय में हुई, जब भाजपा कई राज्यों में चुनावों से पहले अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर रही है. 

किस बात पर बनी सहमति

खास बात ये रही कि इस बैठक में मुख्य तौर पर केंद्र और गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन के 25 साल पूरे होने के मौके पर देशभर में एक महीने तक चलने वाले कार्यक्रम “प्रधानमंत्री मोदी – सेवा समर्पण के 25 वर्ष” की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई. सूत्रों के मुताबिक, आज की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के राष्ट्रसेवा एवं जनसेवा के सफर को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के आयोजन से जुड़े पहलुओं पर राज्य-स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने पर चर्चा हुई. हर साल भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर को  प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाया जाता है. 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. इस वर्ष 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक जीवन की इस ऐतिहासिक यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं.

लोगों से जुड़ाव बढ़ाने पर फोकस

इसको देखते हुए भाजपा ने तय किया है कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर आयोजित होने वाले ‘सेवा पखवाड़ा’ को इस वर्ष और व्यापक स्वरूप देते हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे देश में चलाया जाएगा. शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नवीन टीम के 65 पदाधिकारियों के साथ कई घंटे तक मुलाकात की थी. बैठक के बाद पीएम मोदी ने कहा था, “संगठनात्मक बैठकें नए विचारों और नज़रिए पर केंद्रित होती हैं, जिनका मकसद पार्टी को मज़बूत करना और लोगों के साथ जुड़ाव को गहरा करना होता है. पार्टी के साथियों और नई संगठनात्मक टीम के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई!”

अगले साल के शुरुआत में राजनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब जैसे अहम राज्यों में विधान सभा चुनाव होने वाले हैं. पीएम मोदी के इस बयान को इन चुनावों से पहले पार्टी संगठन को मजबूत करने और आम लोगों तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने और उनसे बेहतर कनेक्शन बनाने के सुझाव के तौर पर देखा जा रहा है.

यह भी पढ़ें-

कम नंबर, नकली साइन और सजा… आंध्र प्रदेश के शिक्षा मंत्री नारा लोकेश के बचपन का राज




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button