खबर

बिहार MLC चुनाव : पटना में RJD, तिरहुत में NDA की जीत; सारण में BJP बागी राहुल राज विजयी | Bihar MLC Election Result 2026 rjd nda BJP and independent candidates wins Teacher graduate constituency seats



बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव परिणामों ने राज्य के राजनीतिक दलों को मिले-जुले संदेश दिए हैं. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पर घोषित नतीजों में NDA, राजद और जनसुराज को जीत मिली, जबकि सारण में भाजपा के बागी उम्मीदवार राहुल राज ने निर्दलीय चुनाव लड़कर जीत दर्ज कर राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी. उधर, कुछ स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना जारी है. परिणामों के बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं तथा चुनावी संदेशों की अलग-अलग व्याख्या कर रहे हैं.

तिरहुत शिक्षक सीट पर NDA की जीत

तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नरेंद्र सिंह ने करीब 600 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. इस जीत पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि NDA की जीत अपेक्षित थी और सभी को इसकी उम्मीद थी. उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों ने यह साबित किया है कि गठबंधन को शिक्षकों का समर्थन प्राप्त है. उधर, तिरहुत स्नातक सीट पर वंशीधर बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि जदयू के अभिषेक झा पीछे चल रहे हैं.

पटना शिक्षक सीट पर राजद का कब्जा

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राजद समर्थित उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार सिंह ने भाजपा समर्थित नवल किशोर यादव को 1057 वोटों से हराया. जीत के बाद डॉ. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि मतगणना के दौरान काफी हंगामा हुआ, लेकिन वे हर परिस्थिति में मुकाबला करने के लिए तैयार थे. उन्होंने शिक्षकों से किए गए वादों को पूरा करने और उनके हितों के लिए काम करने का भरोसा भी दिलाया.

सारण में भाजपा बागी राहुल राज की बड़ी जीत

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम सबसे ज्यादा चर्चित रहा. भाजपा के बागी और निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने दूसरी वरीयता के वोटों की गिनती के बाद अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 833 वोटों से पराजित कर जीत हासिल की. जीत के बाद राहुल राज ने कहा कि उन्होंने हमेशा शिक्षकों की आवाज उठाई और शिक्षकों ने भी उनका साथ दिया. उन्होंने विधान परिषद में शिक्षकों की लंबित मांगों को मजबूती से उठाने का वादा किया. राहुल राज की जीत को NDA, राजद और जनसुराज तीनों के लिए झटके के रूप में देखा जा रहा है.

दरभंगा में जनसुराज का परचम

दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जनसुराज समर्थित सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की. उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी डॉ. मदन मोहन झा को करीब 1111 मतों से मात दी है. यह परिणाम जनसुराज के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पार्टी लगातार शैक्षणिक और सामाजिक मुद्दों को चुनावी एजेंडे में प्रमुखता देती रही है.

दरभंगा स्नातक सीट पर बीजेपी का जलवा

दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की गिनती के दौरान भाजपा प्रत्याशी सर्वेश कुमार दूसरे राउंड में बढ़त बनाए हुए थे. दूसरे राउंड में सर्वेश कुमार को 3695 मत, अनिल कुमार झा को 3220 मत, रजनीकांत पाठक को 826 मत और मोहम्मद इम्तियाज को 1819 मत मिले.

स्नातक सीटों पर जारी है मुकाबला

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राजद के दिलीप पटेल को 13914 वोट मिले हैं. जदयू के नीरज कुमार को 16193 और जनसुराज के अनुज को 10921 इतने वोट मिले हैं. जदयू के नीरज कुमार 2279 वोट से आगे चल रहे हैं.

नीरज कुमार ने कहा कि उन्हें अभी तक आधिकारिक परिणाम नहीं मिले हैं और वे केवल सहायक निर्वाचन पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के आधार पर स्थिति बता सकते हैं. उन्होंने कहा कि अंतिम परिणाम आने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी.

कोसी स्नातक सीट का ऐसा है हाल

यहां भाजपा प्रत्याशी डॉ एन के यादव को 11 राउंड की गिनती के बाद 24075 मत मिले हैं वहीं राजद प्रत्याशी नितेश यादव को 18535 वोट मिले हैं. जनसुराज प्रत्याशी रजनीश रंजन को 15306 मत प्राप्त हुए हैं.

यह भी पढ़ें : MLC चुनाव में BJP का दबदबा! यूपी में 7 सीटों पर बढ़त-जीत, बिहार में भी RJD को पछाड़ा, जनसुराज भी जीती





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button