

बिहार में टोल टैक्स (Toll Tax) को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है, जिससे आम लोगों को बड़ा फायदा मिलने वाला है. बिहार सरकार ने टोल टैक्स में बदलाव करते हुए कहा है कि अब निजी वाहन (Private Vehicle) को किसी तरह का टोल टैक्स नहीं देना पड़ेगा. सरकार ने साफ कहा है कि अब केवल कॉमर्शियल वाहनों से टोल टैक्स की वसूली की जाएगी. यानी अब राज्य में बस, ट्रक और टैक्सी जैसे वाहनों से टोल टैक्स की वसूली की जाएगी. सरकार ने यह भी कहा है कि परिवार के साथ यात्रा करने वाले प्राइवेट गाड़ियों को राहत दी जाएगी.
अररिया जिले के फारबिसगंज में आयोजित सहयोग शिविर को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि कुछ लोग टोल टैक्स को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन इसमें किसी तरह का कन्फ्यूजन नहीं है. टोल टैक्स को लेकर सरकार का रूख एकदम साफ है.
सीएम सम्राट चौधरी ने टोल टैक्स पर क्या किया ऐलान
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि टोल टैक्स व्यावसायिक वाहनों पर लगना ही चाहिए. लेकिन अगर परिवार के लोग घूमते हैं तो उन्हें सरकार राहत देगी. बिहार सरकार ने अब तय किया है कि जो भी निजी वाहन होंगे उन पर किसी तरह का टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा. सीएम ने आगे कहा कि टोल टैक्स संबंधी व्यवस्था भारत सरकार के निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होगी. राज्य सरकार आम लोगों के फायदे और हितों को ध्यान में रखते हुए प्राइवेट गाड़ियों को राहत देने का फैसला किया है.
बता दें, बिहार सरकार के अंतर्गत आने वाले स्टेट हाईवे पर भी टोल टैक्स की वसूली का प्रस्ताव पहले ही सम्राट कैबिनेट में मंजूर कर ली गई है. जल्द ही इसे लागू किया जाएगा और सड़कों की पहचान की जाएगी. अभी तक बिहार में केवल राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल टैक्स लिया जाता है.
टोल टैक्स को लेकर था बड़ा सवाल
वहीं स्टेट हाईवे पर टोल टैक्स की मंजूरी के बाद ही लोगों में चर्चा का विषय बन गया था. लेकिन अब सीएम सम्राट चौधरी ने साफ कर दिया है कि स्टेट हाईवे पर भी प्राइवेट गाड़ियों से किसी तरह का टोल नहीं वसूला जाएगा. लेकिन कॉमर्शियल वाहनों से सरकार स्टेट हाईवे पर टैक्स वसूल करेगी. हालांकि सरकार की ओर से यह नहीं बताया गया है कि यह कब से लागू की जाएगी.
स्टेट हाईवे पर कॉमर्शियल वाहनों से टैक्स वसूली को लेकर भी चर्चा काफी हो रही है. क्योंकि बिहार में 3 हजार किलोमीटर से अधिक स्टेट हाईवे है. जिसमें फोर लेन और 2-लेन रोड है. इसमें से किन सड़कों पर टोल टैक्स वसूला जाएगा यह बड़ा सवाल है. वहीं टोल टैक्स वसूली का असर बाजार पर भी पड़ने वाला है यह भी निश्चित है.
यह भी पढ़ेंः NPS में सरकार ने किया बड़ा बदलाव, कर्मचारियों दो नए फंड का विकल्प, जानें इसके बारे में सबकुछ





