खबर

बांग्लादेश की पहली अंडरग्राउंड मेट्रो बनाएगी भारतीय कंपनी, मिला हजारों करोड़ का कॉन्ट्रैक्ट | Indian company to build Bangladesh first underground metro secures contract worth thousands of crores



भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में नए दौर की चर्चा के बीच भारतीय इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. कंपनी को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में बन रही पहली अंडरग्राउंड मेट्रो परियोजना के लिए बड़ा ठेका मिला है. इसे एलएंडटी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती मजबूत मौजूदगी के रूप में देखा जा रहा है.

बांग्लादेश सरकार राजधानी ढाका में तीन मेट्रो रेल परियोजनाएं विकसित कर रही है. इन परियोजनाओं पर करीब 2.5 लाख करोड़ टका खर्च होने का अनुमान है. देश की राष्ट्रीय आर्थिक परिषद की कार्यकारी समिति (ECNEC) ने हाल ही में कई बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दी थी, जिनमें तीन मेट्रो रेल परियोजनाएं भी शामिल हैं. इनका उद्देश्य ढाका के लोगों को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है.

ढाका मेट्रो लाइन-1 के दो अहम पैकेज मिले

एलएंडटी के ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर कारोबार को ढाका मास रैपिड ट्रांजिट डेवलपमेंट प्रोजेक्ट यानी मेट्रो लाइन-1 के दो महत्वपूर्ण पैकेज मिले हैं. कंपनी के अनुसार यह ऑर्डर 5000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की श्रेणी में आता है.

कंपनी को कॉन्ट्रैक्ट पैकेज CP09 और CP10 का काम सौंपा गया है. CP09 के तहत ट्रैक निर्माण, बिजली आपूर्ति और वितरण प्रणाली, ट्रैक्शन सबस्टेशन, ओवरहेड कैटेनेरी सिस्टम तथा अन्य विद्युत सुविधाओं का विकास किया जाएगा. इस काम में एलएंडटी जापान की सुमितोमो कॉरपोरेशन के साथ मिलकर काम करेगी. वहीं CP10 के तहत पूरी मेट्रो लाइन के लिए सिग्नलिंग, टेलीकॉम नेटवर्क और प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर सिस्टम स्थापित किया जाएगा. यही सिस्टम मेट्रो संचालन को सुरक्षित और आधुनिक बनाएंगे.

पहले भी सफलतापूर्वक पूरा कर चुकी है बड़ा प्रोजेक्ट

एलएंडटी इससे पहले ढाका मेट्रो लाइन-6 पर भी काम कर चुकी है. यह बांग्लादेश की पहली मेट्रो रेल लाइन है जो फिलहाल व्यावसायिक रूप से संचालित हो रही है. इसी अनुभव के आधार पर कंपनी को अब लाइन-1 का नया और बड़ा प्रोजेक्ट मिला है.

एलएंडटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर प्रमुख रामकुमार एस ने कहा कि ढाका मास ट्रांजिट कंपनी लिमिटेड की ओर से दोबारा मिले ये ऑर्डर कंपनी की क्षमता और विश्वसनीयता का प्रमाण हैं. उन्होंने कहा कि ढाका मेट्रो लाइन-6 और जकार्ता मेट्रो जैसी परियोजनाओं के अनुभव से कंपनी इस चुनौतीपूर्ण परियोजना को भी सफलतापूर्वक पूरा करने की स्थिति में है.

31 किलोमीटर लंबी होगी नई मेट्रो लाइन

जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) की वित्तीय सहायता से बनने वाली ढाका मेट्रो लाइन-1 करीब 31 किलोमीटर लंबी होगी. इसमें कमलापुर से एयरपोर्ट तक एयरपोर्ट रूट और नटुन बाजार से पूर्वाचल टर्मिनल तक पूर्वाचल रूट शामिल होगा. पूरी परियोजना में 19 स्टेशन और पितलगंज में एक डिपो बनाया जाएगा.

विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना ढाका में यातायात का दबाव कम करने के साथ लाखों यात्रियों को तेज और सुरक्षित सफर की सुविधा देगी. साथ ही यह भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते आर्थिक और कारोबारी सहयोग का भी बड़ा उदाहरण बनेगी.

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद से अलीगढ़ दिवाली पर चलेगी स्पेशल MEMU ट्रेन, दादरी-दनकौर-खुर्जा-सोमना तक 15 स्टेशनों पर रुकेगी




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button