खबर

प्रयागराज में राहुल गांधी के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को मिली हरी झंडी, केपी ग्राउंड में ही 8 अगस्त को होगा | Rahul Gandhi Chhatron Ki Goonj Program in Prayagraj at KP Ground on August 8



प्रयागराज:

प्रयागराज में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को लेकर चल रही अनिश्चितता अब समाप्त होती नजर आ रही है. यह कार्यक्रम केपी कॉलेज ग्राउंड में 8 अगस्त को आयोजित होना है. पहले इस कार्यक्रम के लिए मंजूरी को निरस्त कर दिया गया था. लेकिन अब यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के लिखित वचन पत्र और आश्वासन के बाद कायस्थ पाठशाला (केपी ट्रस्ट) ने पूर्व में जारी निरस्तीकरण आदेश को वापस ले लिया है. इसके साथ ही ट्रस्ट ने निर्धारित शर्तों और जिला प्रशासन की अनुमति के अधीन कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति प्रदान कर दी है. 

कांग्रेस अध्यक्ष ने दिया वचन पत्र, तब मिली मंजूरी

इस संबंध में यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केपी ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह को एक औपचारिक पत्र और अंडरटेकिंग (वचन पत्र) सौंपा है. पत्र में कांग्रेस अध्यक्ष ने आश्वस्त किया है कि आठ अगस्त को शाम पांच बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के दौरान खेल मैदान और प्रांगण की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी. इसके अलावा मैदान के उतने ही हिस्से का उपयोग किया जाएगा जिससे छात्रों की खेलकूद गतिविधियों में कोई बाधा न पहुंचे.

कुछ नुकसान हुआ तो कांग्रेस करेगी भरपाई

अजय राय ने अपने पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम के दौरान इलाहाबाद हाईकोर्ट या किसी भी अन्य न्यायालय के आदेशों का पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा और किसी भी निर्देश की अवहेलना नहीं होगी. स्कूल प्रांगण का उपयोग केवल तय नियमों के अनुसार ही होगा. यदि तैयारी या आयोजन के दौरान खेल मैदान को कोई नुकसान पहुंचता है तो उसकी पूरी भरपाई और मरम्मत कांग्रेस कमेटी द्वारा कराई जाएगी.

पत्र में यह भी कहा गया है कि यह आयोजन किसी भी तरह से कमर्शियल नहीं है और इसमें इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा जनहित द्वारा पारित 2025 के आदेश का पूरी तरह पालन किया जाएगा.

अब आयोजन समिति कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी

कांग्रेस अध्यक्ष के इस लिखित आश्वासन के बाद कायस्थ पाठशाला के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने पांच अगस्त को जारी निरस्तीकरण आदेश को रद्द करते हुए कार्यक्रम आगे बढ़ाने की मंजूरी दे दी है. अब आयोजन समिति जिला प्रशासन से आवश्यक औपचारिकताएं और अंतिम अनुमति प्राप्त कर कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गई है. 

यह भी पढ़ें – राहुल गांधी को जहां सुननी थी ‘छात्रों की गूंज’, प्रयागराज में उस जगह की बुकिंग ही कैंसिल




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button