
पंजाब:
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शनिवार को पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान के साथ जालंधर में ट्रेड कमीशन की बैठक में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने व्यापारियों, दुकानदारों और कारोबारियों की समस्याएं सुनी और तत्काल समाधान का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार व्यापारियों, दुकानदारों और कारोबारियों की मदद करने के लिए हमेशा तत्पर है. इसी उद्देश्य से सरकार पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन का गठन कर व्यापारियों की छोटी-छोटी समस्याओं का तत्काल समाधान दे रही है. उन्होंने छोटे व्यापारियों को अर्थव्यवस्था की रीढ़ की हड्डी बताते हुए कहा कि इससे पहले किसी भी सरकार ने छोटे व्यापारियों की समस्याओं को नहीं सुना. पिछली सरकारों में व्यापारियों से वसूली की जाती थी, जिसे भगवंत मान सरकार ने पूरी तरह से बंद करा दिया है.
व्यापारियों से संवाद करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारी सरकार को काम करते हुए चार साल पूरे हो गए हैं. पंजाब के इतिहास में पहले कोई ऐसी सरकार नहीं रही, जो चार साल काम करने के बाद लोगों के साथ आमने-सामने बैठकर बात कर सके. पहले कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल की सरकारें आईं. जब उनके नेता चार साल बाद लोगों के बीच जाते थे, तो लोग उन्हें गांवों में घुसने नहीं देते थे. आज चार साल बाद जब हम लोगों के बीच जा रहे हैं, तो लोग हमें देखकर मुस्कुरा रहे हैं, हमारी तारीफ कर रहे हैं और हंसकर गले लगाने को तैयार हैं. वे हमारी और हमारे काम की तारीफ कर रहे हैं.

केजरीवाल ने कहा कि बठिंडा में आम आदमी पार्टी का मेयर बना है. शुक्रवार को वहां रोड शो के दौरान लोग अपनी दुकानों से निकल कर हमारा स्वागत कर रहे थे. उनकी बॉडी लैंग्वेज से साफ पता चल रहा था कि वे लोग हमें देखकर दिल से कितने खुश थे. पंजाब के लोग जिस तरह सरकार के काम की तारीफ कर रहे हैं, ये शायद पंजाब के इतिहास में पहली बार हो रहा है कि एक सरकार ने चार साल पूरे कर लिए हैं और लोग उसे इतना पसंद कर रहे हैं कि दोबारा उसकी सत्ता चाहते हैं.

उन्होंने कहा कि अगर सड़क टूट जाए या खंभे की स्ट्रीट लाइट खराब हो जाए, तो उसे ठीक कराने के लिए दफ्तरों और विधायक के कई चक्कर लगाने पड़ते हैं. इसी समस्या को दूर करने के लिए ‘‘आप” सरकार ने पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन का गठन किया, ताकि एक छोटे व्यापारी की आवाज सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंच सके. यह कमीशन राज्य, जिला और हलके के स्तर पर काम करता है. इसके तहत पूरे पंजाब में करीब 800 छोटे-बड़े मार्केट चिन्हित हैं. व्यापारियों की हर समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के पास जाती हैं और तत्काल समाधान होता है. इससे पहले ऐसी कोई सरकार नहीं आई है, जिसमें एक छोटे व्यापारी की आवाज भी सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचती हो और सीएम खुद हर समस्या का समाधान करता हो?

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछली सरकारों में हर व्यापारी और उद्योगपति से वसूली की जाती थी. लेकिन हमारी सरकार के इन पांच सालों में वसूली सिस्टम बंद कर दिया है. अब कोई वसूली करने नहीं आता. हमारी सरकार पूरी ईमानदारी से चल रही है. हालांकि, बड़े स्तर पर एक और वसूली शुरू हो गई है. उन्होंने कहा कि पंजाब में चार पार्टियां हैं. एक चिट्टा पार्टी है, जिसने पंजाब के घर-घर में चिट्टा पहुंचाया. लोग उसे नफरत और गुस्से से बेअदबी पार्टी भी कहते हैं, क्योंकि उनकी सरकार में बेअदबी की कई घटनाएं हुईं. दूसरी ईडी पार्टी है, जो ईडी का दुरुपयोग करके व्यापारियों से वसूली कर रही है. तीसरी झगड़ा पार्टी है, जिसके नेता आपस में ही झगड़ते रहते हैं और आज भी झगड़ रहे हैं. चौथी आम आदमी पार्टी है, जो जनता की अपनी पार्टी है और लोगों के लिए काम कर रही है.





