

भारतीय मौसम विभाग ने 17 अगस्त को देश के 15 राज्यों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने नए कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती परिसंचरण की वजह से मॉनसून उत्तर पश्चिमी इलाकों में एक्टिव दिख रहा है. सोमवार को ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी तेज बारिश का अलर्ट है. यहां कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. जिसके चलते ओडिशा में सभी अधिकारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं. जबकि पश्चिम बंगाल में भी बारिश के चलते सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. पहाड़ी राज्यों में भी आज के दिन बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक इस हफ्ते अलग-अलग राज्यों में अच्छी बारिश होने के चांस दिख रहे हैं.
सोमवार को इन राज्यों में बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती हवाओं की वजह से सोमवार को यूपी, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र में बारिश का अनुमान लगाया गया है. इस दौरान कई राज्यों में हवा की रफ्तार भी तेज हो सकती है.
यहां क्लिक करके देखिए अपने राज्य का मौसम
ऑरेंज अलर्ट वाले राज्य
भारतीय मौसम विभाग IMD के मुताबिक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी है. यहां सोमवार को अगले कुछ घंटों में अच्छी बरसात हो सकती है.
#WATCH भद्रक (ओडिशा): नदी का पानी गांवों में घुसने से बाढ़ की स्थिति बनी, प्रशासन ने राहत अभियान तेज किया। (16.08) pic.twitter.com/HPHupuJK6Z
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 16, 2026
ओडिशा में बाढ़ के हालात
ओडिशा में पिछले 2 दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है. सोमवार को भी बारिश को ध्यान में रखते हुए पूरे राज्य को हाई अलर्ट पर रखा गया है. जबकि सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं, जो लोग छुट्टियों पर गए थे उन्हें तुरंत काम पर लौटने के निर्देश मिले हैं. 17 अगस्त को मौसम विभाग ने बालासोर, भद्रक, जाजपुर, मयूरभंज और क्योंझर में बारिश का अलर्ट है. इन जिलों में स्कूल और कॉलेजों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं. ओडिशा में अब तक 2.37 लाख से ज्यादा लोगों को रिलीफ कैंप में भेजा गया है. जहां बाढ़ का पानी बढ़ता जा रहा है, वहां प्रशासन अलर्ट पर बना हुआ है और रिलीफ टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है.
पश्चिम बंगाल में भी बारिश की संभावना
ओडिशा के पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में भी बारिश का अलर्ट है. सोमवार को बांकुड़ा, झाड़ग्राम, हावड़ा, कोलकाता, दुर्गापुर, पश्चिम मेदिनीपुर, मालदा, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और पुरबा बर्धमान जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. कोलकाता में भी बारिश की स्थिति बन रही है.
Latest satellite animation pic.twitter.com/8noqEWuCsi
— India Meteorological Department (@Indiametdept) August 16, 2026
यूपी-बिहार में अच्छी बारिश
उत्तर प्रदेश और बिहार में भी पिछले 2 दिनों में अच्छी बारिश हुई है. मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज, बनारस समेत 25 जिलों में बारिश होने के चांस हैं. बनारस में गंगा नदी उफान पर हैं, ऐसे में घाटों के किनारे यहां अलर्ट जारी किया गया है और बारिश की स्थिति में लोगों को घाटों के ज्यादा पास नहीं जाने की सलाह दी गई है. बिहार में भी सोमवार को पटना, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर में बारिश की स्थिति बन रही है.
दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम
दिल्ली-NCR में भी सोमवार से मौसम में बदलाव दिख सकता है. दिल्ली में पिछले 2 दिनों से बारिश पर ब्रेक लगा हुआ है, जिसके चलते उमस भरी गर्मी का असर यहां फिर से बढ़ना शुरू हो गया है. दोपहर के वक्त सबसे ज्यादा उमस दिख रही है. हालांकि मौसम विभाग ने सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश होने और बादल छाए रहने का अनुमान जताया है. जिससे तापमान में भी बदलाव दिख सकता है. दिल्ली में इस साल अगस्त के शुरुआत में अच्छी बारिश हुई थी. लेकिन दूसरे हफ्ते में बारिश पर ब्रेक लगा हुआ है.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अलर्ट
पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का दौर जारी है. उत्तराखंड में सोमवार को कई जिलों में रेड अलर्ट जारी है. हरिद्वार, ऋषिकेश, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, अल्मोड़ा में बारिश का अलर्ट है. हिमाचल प्रदेश में भी शिमला, बिलासपुर, सोलन, कांगड़ा, सिरमौर, मंडी, चंबा और हमीरपुर में बारिश की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में बारिश की वजह से 30 जून से 16 अगस्त के बीच अलग-अलग घटनाओं में 187 लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि दोनों राज्यों में लैंडस्लाइड की वजह से करोड़ों रुपए का नुकसान हो चुका है.
ये भी पढे़ंः देश में मॉनसूनी बारिश में आई कमी, खरीफ फसलों की बुआई पर भारी असर; 25.10 लाख हेक्टेयर फसल का नुकसान





