
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी के नाम के ऐलान के साथ ही बवाल शुरू हो गया है. पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मलिने से नाराज उनके समर्थक सड़क पर उतर आए हैं और उन्होंने ग्वालियर-झांसी हाईवे पर जाम लगा दिया है. हाईवे पर करीब 8 किलोमीटर लंबा जाम लगा है, दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है. भाजपा आलाकमान के फैसले से नाराज जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह समेत जिले कीर पूरी कार्यकारिणी ने अपने पद से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है. यह मदतान से पहले संगठन के लिए बड़ा झटका है.

ग्वालियर-झांसी हाईवे पर लेटे-बैठे पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थक.
दरअसल, भाजपा ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी घोषित किया है. डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के बाद उनके समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली. कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन हुए और फिर समर्थकों की भारी भीड़ ग्वालियर-झांसी पर उतर गई. उन्होंने कुछ ही देर में हाईवे पर लंबा जाम जाम कर दिया. साथ ही, शहर के कई व्यापारियों ने फैसले के विरोध में अपनी दुकानें बंद कर दीं.
पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी
हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. विरोध कर रहे पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों का कहना है कि पार्टी आलाकमान का फैसला ‘एकतरफा’ है ये कार्यकर्ताओं का अपमान है.

30 जुलाई को होना है मतदान
बता दें कि दतिया में विधानसभा उपचुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू है. यहां 30 जुलाई को मतदान होना है और 3 अगस्त को मतगणना होगी. भाजपा ने अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है, जबकि कांग्रेस ने अपने पत्ते अभी नहीं खोले हैं.

कौन है आशुतोष तिवारी, जिनके नाम के ऐलान के बाद हो रहा विरोध
आशुतोष तिवारी दतिया जिले के रहने वाले हैं. वे छात्र जीवन से ही संघ (आरएसएस) से जुड़े और फिर भाजपा में कई पदों पर रहकर पार्टी के लिए काम किया. वे वर्तमान में भाजपा के प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी हैं और एमपी हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन भी रह चुके हैं. एक क्लिक पर पढ़िए पूरी खबर…





