
बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम की वजह से मॉनसून देशभर में तेजी पकड़ चुका है. भारतीय मौसम विभाग ने 11 अगस्त को 14 राज्यों में अच्छी बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में झमाझम बरसात हो रही है. बीती रात से ही मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड में तेज बरसात हुई. जिसके चलते भोपाल में आज स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है, भोपाल में 24 घंटे में 7 इंच बारिश हुई है, जिससे यहां सड़कों पर जलभराव देखा जा रहा है. यूपी में भी लखनऊ से नोएडा तक 30 से ज्यादा शहरों में बीते 24 घंटे के दौरान अच्छी बारिश हुई है. उत्तराखंड में भी कई स्थानों पर लैंडस्लाइड हुआ है. भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार को अलग-अलग जिलों में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है.
11 अगस्त को इन राज्यों में बारिश
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 11 अगस्त को दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश, और मेघालय में भारी बारिश की संभावना है. लगातार बारिश की वजह से देश में मॉनसून का कोटा भी पूरा हो रहा है. अब ओवरऑल 12 प्रतिशत की कमी दिखाई दे रही है. बीते 24 घंटे से जारी बारिश की वजह से देश के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. जिसके चलते प्रशासन भी अलर्ट पर चल रहा है.
7 राज्यों के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार को देश के सात राज्यों के अलग-अलग जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से यहां से हवाएं चल सकती हैं.
- मध्य प्रदेश: हरदा, खंडवा, मंदसौर, नीमच
- ओडिशा: मयूरभंज
- गुजरात: अहमदाबाद, खेड़ा, महिसागर
- राजस्थान: बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, झुंझुनू, कोटा, सीकर
- उत्तर प्रदेश: अमरोहा, बदायूं, बरेली, बुलन्दशहर, हापुड, मेरठ, मोरादाबाद, रामपुर, संभल
- उत्तराखंड: बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ, रुद्रप्रयाग, टेहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी
- हिमाचल प्रदेश: किन्नौर, कुल्लू, लाहुल और स्पीति, शिमला
*Issue Time:* 11-08-2026 08:26 Hrs IST
*Validity Time:* 11-08-2026 11:26 Hrs IST
*Orange warnings*: Thunderstorms & Lightning with gusty winds ( 40-60 kmph) and moderate rain (5-15 mm/h) very likely over following districts in:
*Madhya Pradesh*: Harda, Khandwa, Mandsaur,…
— India Meteorological Department (@Indiametdept) August 11, 2026

दिल्ली-NCR में अगले 5 दिन बारिश
मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में अगले 5 दिन 11 से 15 अगस्त तक अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है. यानि अभी दिल्ली में दिल्ली में बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहेगा, आज के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. बीते 24 घंटे में 3 इंच बारिश दिल्ली-NCR रीजन में हुई है. जिससे तापमान भी लुढ़कर 30 डिग्री पर आ गया है. ऐसे में दिल्लीवासियों को उमस भरी गर्मी से भी राहत मिली है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 12 से 15 अगस्त के बीच आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश जारी रहेगी. अगर तेज बारिश नहीं भी हुई तो भी बादल छाए रहने से मौसम काफी खुशनुमा रहेगा. मंगलवार को दिल्ली में करावल नगर, सिविल लाइंस, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, सीलमपुर, शहादरा, विवेक विहार, प्रीत विहार में बारिश हो सकती है

उत्तर प्रदेश में गंगा-युमना उफान पर
उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान अलग-अलग राज्यों में भारी बारिश हुई है. जिससे गंगा-यमुना समेत 10 नदियां उफान पर चल रही हैं. मौसम विभाग ने मंगलवार को भी वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बस्ती, संत कबीर नगर और सिद्धार्थनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, नोएडा), हापुड़, बुलंदशहर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा, संभल, रामपुर, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, एटा, हाथरस और कासगंज जिले में बारिश की संभावना जताई है. राजधानी लखनऊ में भी आज बारिश की संभावना है.
एमपी के भोपाल में स्कूल बंद
मध्य प्रदेश में भी मॉनसून पूरी तरह से एक्टिव हैं, जिससे भोपाल, रायसेन, विदिशा, राजगढ़ समेत 20 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश हो रही है. मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश में फिलहाल लो प्रेशर एरिया एक्टिव है, ऐसे में एक मॉनसून ट्रफ भोपाल से ग्वालियर के बीच नमी बना रही है. जिससे कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है. मंडला और डिंडौरी जिले में भी बीते 24 घंटे के दौरान तेज बारिश होने से नर्मदा नदी उफान पर चल रही हैं. यहां घाटों के किनारे पर अलर्ट जारी किया गया है. भोपाल, रायसेन, विदिशा समेत एमपी के कई जिलों में प्रशासन ने बारिश के अलर्ट को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियां करने के आदेश जारी किए हैं. एमपी में आज भोपाल, देवास, इंदौर, मंदसौर, रायसेन, आगर-मालवा, राजगढ़, रतलाम, सीहोर, शाजापुर और उज्जैन बारिश की संभावना है.

राजस्थान में भी मंगलवार को बारिश
राजस्थान में भी मंगलवार को तेज बारिश की संभावना है. अगले 24 घंटे के लिए राजधानी जयपुर समेत झालावाड़, बूंदी, कोटा, अलवर जिलों में झमाझम बारिश हो सकती है. राजस्थान के झालावाड़ जिले में अब तक सबसे ज्यादा 12 इंच बारिश हो चुकी है. यहां कालीसिंध और कोटा के नोनेरा ऐबरा बांध ओवरफ्लो होने की वजह से कई गेट खोल दिए गए हैं. राजस्थान में भी एक मॉनसून ट्रफ गुजर रही है. जिससे यहां बारिश हो रही है.
उत्तराखंड में बारिश से लैंडस्लाइड
उत्तराखंड में भी बादलों ने डेरा जमा रखा है. बीते 24 घंटे से यहां तेज बारिश का दौर जारी है. जोशीमठ में भारी बारिश के बाद बादल फटने से लैंडस्लाइड हुआ है. जिससे यहां बीआरओ की तरफ से कराए गए वैली ब्रिज भी बह गया. जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. मंगलवार को भी मौसम विभाग ने देहरादून, चंपावत, हरिद्वार, नैनीताल और उधम सिंह नगर में बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने उत्तराखंड में लोगों से विशेष अपील जारी की है. क्योंकि मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है, इसलिए घर से बाहर निकलने से पहले अपने क्षेत्र के ताजा मौसम अपडेट पर जरूर नजर रखें.
ये भी पढ़ेंः उत्तराखंड में आधी रात उड़ी लोगों की नींद, उत्तरकाशी में हिली धरती, 4.2 तीव्रता का आया भूकंप





