खबर

डेथबेड पर पिता और अस्पताल में समीर ने लिखे रोमांटिक बोल, माधुरी-सलमान पर हुआ शूट, 35 साल बाद भी कल्ट है अलका याग्निक का ये गाना | father was on deathbed sameer wrote this romantic song shot on madhuri dixit salman khan alka yagnik voice classic after 35 years



90 के दशक के रोमांटिक गानों की बात हो और फिल्म ‘साजन’ के गाने ‘देखा है पहली बार साजन की आंखों में प्यार’ का जिक्र न हो, ऐसा मुश्किल है. 1991 में रिलीज हुई इस फिल्म में संजय दत्त, माधुरी दीक्षित और सलमान खान की तिकड़ी नजर आई थी. गाने में माधुरी और सलमान की रोमांटिक केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल जीत लिया था. अलका याग्निक और एस.पी. बालासुब्रमण्यम की आवाज, नदीम-श्रवण का संगीत और समीर अंजान के बोलों ने इसे यादगार बना दिया. लेकिन इस खूबसूरत रोमांटिक गाने के पीछे की कहानी उतनी ही भावुक है. गीतकार समीर ने इसे उस वक्त लिखा था, जब उनके पिता अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे थे. 

अस्पताल की छत पर लिखा था गाना

समीर अंजान ने एक इंटरव्यू में इस गाने से जुड़ा किस्सा बताया था. उन्होंने कहा था कि जब वह ‘देखा है पहली बार’ लिख रहे थे, तब उनके पिता मुंबई के नानावटी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे और उनकी हालत बेहद गंभीर थी. डॉक्टरों ने परिवार को भी उनकी स्थिति के बारे में बता दिया था. ऐसे मुश्किल समय में समीर अस्पताल की छत पर टहलते हुए एक रोमांटिक गाने के बोल लिख रहे थे.

समीर के मुताबिक, संगीतकार नदीम भी उन्हें जल्द से जल्द गाना देने के लिए कह रहे थे. एक तरफ पिता की गंभीर हालत की चिंता थी और दूसरी तरफ फिल्म के लिए गाना पूरा करने की जिम्मेदारी. इसी परिस्थिति में तैयार हुआ यह गीत आगे चलकर 90 के दशक के सबसे लोकप्रिय रोमांटिक गानों में शामिल हो गया. 

पहले गाना शूट होना भी मुश्किल था

इस गाने की कहानी में एक और दिलचस्प मोड़ था. समीर अंजान के मुताबिक, फिल्म पूरी होने के बाद निर्देशक लॉरेंस डिसूजा को लगा कि म्यूजिक में एक और गाने की जरूरत है. नदीम-श्रवण ने ‘देखा है पहली बार’ तैयार किया, लेकिन प्रोड्यूसर इसे रिकॉर्ड कराने के लिए तैयार नहीं थे क्योंकि फिल्म की रिलीज डेट तय हो चुकी थी और सलमान-माधुरी की डेट मिलना मुश्किल था.

गाना देखने के लिए यहां क्लिक करें 

फिर सलमान खान और माधुरी दीक्षित को गाना सुनाया गया. गाना दोनों को पसंद आया और सलमान ने शूट के लिए तुरंत समय निकालने की बात कही. इसके बाद दोनों ऊटी पहुंचे और गाने की शूटिंग हुई. यही गाना बाद में फिल्म की पहचान बनने वाले गीतों में शामिल हो गया. 

‘साजन’ बनी 1991 की बड़ी हिट

‘साजन’ का निर्देशन लॉरेंस डिसूजा ने किया था और फिल्म के निर्माता सुधाकर बोकाडे थे. फिल्म में संजय दत्त ने अमन/सागर, माधुरी दीक्षित ने पूजा और सलमान खान ने आकाश का किरदार निभाया था. फिल्म की कहानी दोस्ती, प्यार और त्याग के इर्द-गिर्द घूमती है और यह बंगाली फिल्म ‘Apan Amar Apan’ का रीमेक थी. 

फिल्म 30 अगस्त 1991 को रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की. फिल्मफेयर के मुताबिक, ‘साजन’ 1991 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी और उस समय इसका नेट कलेक्शन करीब 10 करोड़ रुपये बताया गया था. इसका म्यूजिक भी जबरदस्त हिट रहा. ‘देखा है पहली बार’, ‘मेरा दिल भी कितना पागल है’, ‘जिए तो जिए कैसे’ और ‘बहुत प्यार करते हैं’ जैसे गाने आज भी याद किए जाते हैं. फिल्म के म्यूजिक के लिए नदीम-श्रवण को फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था. 

यह भी पढ़ें: कपिल देव से लेकर हरभजन सिंह जैसे 8 क्रिकेटर के कैमियो वाली फिल्म, सोनू, उदित, अलका, सुनिधि, सुखविंदर की आवाज ने 7 गाने किए सुपरहिट

 




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button