खबर

जुगाड़ और तेज दिमाग वालों की होगी टक्कर, अनिल कपूर  लेकर आ रहे हैं रियलिटी शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ | Anil Kapoor is bringing the reality show India’s Top 1%



नई दिल्ली:

स्टार प्लस अपने टेलीविजन दर्शकों के लिए एक नया और अलग अनुभव लेकर आ रहा है. चैनल अपना नया रियलिटी शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार है, जिसे अनिल कपूर होस्ट करेंगे. यह शो प्रतिभागियों की समझ, तर्कशक्ति, नजरिए और तेजी से फैसले लेने की क्षमता को परखने वाला एक रोमांचक मुकाबला होगा. आज के दौर में जहां हर तरफ जानकारी की भरमार है, ‘इंडिया के टॉप 1%’ एक अलग सवाल पूछता है — क्या आप अपनी सोच और समझ के दम पर सबसे आगे निकल सकते हैं?

यह शो पारंपरिक क्विज कार्यक्रमों से बिल्कुल अलग है, जहां सिर्फ याद की हुई जानकारी या किताबों का ज्ञान मायने नहीं रखता. इस नए फॉर्मेट में तर्कशक्ति, सामान्य समझ, तेज सोच और दबाव में सही फैसला लेने की क्षमता को सबसे अधिक महत्व दिया जाएगा. शो में आने वाली हर चुनौती इस बात की परीक्षा होगी कि प्रतिभागी जानकारी को कितनी जल्दी समझते हैं, पैटर्न को कैसे पहचानते हैं, समस्याओं का समाधान कैसे निकालते हैं और अहम समय पर कितनी तेजी से सही निर्णय लेते हैं.

यह भी पढ़ें-  फगली से लस्ट स्टोरीज तक, इन फिल्मों ने बनाया कियारा आडवानी को स्टार, अब टॉक्सिक से धूम मचाने को हैं तैयार

जैसे-जैसे मुकाबला आगे बढ़ेगा, चुनौतियां भी कठिन होती जाएंगी और सबसे तेज दिमाग वाले प्रतिभागी ही अंत तक टिक पाएंगे. सभी का लक्ष्य एक ही होगा — भारत के टॉप 1% सोचने-समझने वाले लोगों में अपनी जगह बनाना.

शो के बारे में बात करते हुए, अनिल कपूर ने कहा, “मेरा हमेशा से मानना रहा है कि भारत ऐसे लोगों का देश है, जिनकी समझ, नजर और व्यवहारिक बुद्धिमत्ता कमाल की होती है. हमारे देश की किसी भी गली या मोहल्ले में चले जाइए, आपको ऐसे लोग मिल जाएंगे जो अपनी सूझबूझ से बड़ी से बड़ी समस्या का हल निकाल लेते हैं. इसकी वजह सिर्फ किताबों का ज्ञान नहीं, बल्कि जीवन के अनुभव होते हैं. भारत में हम ‘जुगाड़’ को अपनी खास ताकत मानते हैं और यही बात भारतीयों को हर क्षेत्र में अलग पहचान दिलाती है. जब मैंने ‘इंडिया के टॉप 1%’ का फॉर्मेट देखा, तो यह मुझे तुरंत पसंद आया. यह ऐसा शो नहीं है जो आपसे इतिहास की तारीखें पूछे, बल्कि यह देखता है कि दबाव की स्थिति में आपका दिमाग तर्क और सामान्य समझ के आधार पर कितना बेहतर काम करता है। यही बात इसे सबसे अलग बनाती है.”

यह भी पढ़ें- वीर जारा में कैमियो के लिए यश चोपड़ा ने मनोज बाजपेयी को दिए लीड रोल के बराबर फीस, एक्टर ने सुनाया यादगार किस्सा

उन्होंने आगे कहा, “मैं स्टार प्लस पर इस शो को होस्ट करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं. यह मंच लोगों को अपनी सोचने-समझने की क्षमता दिखाने का मौका देगा, जो भारतीयों की सबसे बड़ी खूबियों में से एक है. इस सफर का हिस्सा बनकर मुझे बहुत खुशी हो रही है.” अनिल कपूर द्वारा होस्ट किया जाने वाला ‘इंडिया के टॉप 1%’ जल्द ही स्टार प्लस पर प्रसारित होगा.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button