

मनिहारी पुलिस ने आरोपी टाइगर को भेजा जेल
NDTV
कटिहार:
क्या हो जब रंगदारी मांगने गए बदमाश को ही स्थानीय लोगों से पंगा लेना इतना महंगा पड़ जाए कि वो उसे सीधे जेल की हवा खिला दें. आपको ये सुनने में जरा अटपटा जरूर लगेगा लेकिन हुआ कुछ ऐसा ही है. मामल है कटिहार के मनिहारी का. मनिहारी पुलिस के अनुसार यहां एक टाइगर नाम का खूंखार अपराधी अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर मछुआरों से रंगदारी मांगने पहुंचा था. जिसे बाद मछुआरों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. ये बदमाश मोहन ठाकुर गिरोह के सदस्य के लिए काम करते हैं. पुलिस के अनुसार मछुआरों से रंगदारी मांगने में टाइगर नाम का बदमाश सबसे आगे था.
जब मछली की जगह जाल में फंस गया ‘टाइगर’!
बिहार के कटिहार में रंगदारी मांगने पहुंचे एक बदमाश को मछुआरों की एकजुटता भारी पड़ गई, आरोप है कि ‘टाइगर’ नाम का बदमाश अपने साथियों के साथ उगाही करने पहुंचा था, लेकिन विरोध होने पर उसके साथी मौके से फरार हो गए, इसके बाद मछुआरों ने उसे… pic.twitter.com/KnISsaRz1m
— NDTV India (@ndtvindia) July 5, 2026
पुलिस अधिकारी के अनुसार वह अपने साथियों के साथ वहां मौजूद मछुआरों से पैसे उगाही करना चाहता था लेकिन इससे पहले की वो ऐसा कुछ कर पाता, मौके पर मौजूद मछुआरों ने हिम्मत दिखाई और बदमाशों को घेर लिया. मछुआरों की एकजुटता को देखते हुए टाइगर के साथ आए उसके गिरोह के दूसरे सदस्य उसे वहां अकेला छोड़कर ही मौके से भाग गए. इसके बाद मछुआरों ने आरोपी टाइगर को काबू में किया और मछली पकड़ने वाले जाल में उसे बांधकर पुलिस के हवाले भी किया.

इस घटना को लेकर मनिहारी डीएसपी विनोद कुमार ने NDTV को बताया कि हमें सूचना मिली की टाइगर नाम का एक बदमाश अपने कुछ साथियों के साथ मछुआरों से रंगदारी मांगने पहुंचा था. लेकिन मछुआरों ने उसे पकड़कर रखा हुआ है. इस सूचना पर हमारी टीम मौके पर पहुंची और आरोपी टाइगर को गिरफ्तार किया. टाइगर का एक पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. मनिहारी अनुमंडल डीएसपी ने बताया कि टाइगर दियारा में अपराध के लिए चर्चित मोहन ठाकुर गिरोह से जुड़े हुए हैं और दियारा में अपराध एवं मछुआरे से रंगदारी मांगने का उनका पुराना रिकॉर्ड रहा है. फिलहाल इसी आरोप में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
बदमाश टाइगर को मछुआरों द्वारा मछली पकड़ने वाले जाल में बांधकर पुलिस के हवाले करने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में दिख रहा है कि किस तरह से मछुआरों ने टाइगर को जाल में बांधकर अपनी नाव पर रखा हुआ है. जिसे बाद में स्थानीय पुलिस के हवाले किया जा रहा है. पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि टाइगर पर इलाके में और कितने मामले दर्ज हैं.
पूरी स्टोरी पढ़ें





