खबर

जनसंख्या नियंत्रण कानून बने, दो से अधिक बच्चों वालों को न मिले कोई सरकारी लाभ : रामदेव | Ramdev Says population control law enacted; those more than two children not receive any government benefits 



योग गुरु बाबा रामदेव ने शुक्रवार को भारत में जल्द से जल्द जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने की मांग की. उन्होंने कहा कि जिन लोगों के दो से अधिक बच्चे हैं, उन्हें सरकारी सुविधाओं से वंचित कर दिया जाना चाहिए. 

पत्रकारों से बात करते हुए रामदेव ने कहा, “भारत में जल्द से जल्द जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू किया जाना चाहिए, जिनके दो से अधिक बच्चे हैं, उन्हें सभी सरकारी सुविधाओं से वंचित कर दिया जाना चाहिए. जो लोग और अधिक बच्चे पैदा करना चाहते हैं, उन्हें कम से कम इसके परिणामों के बारे में सोच लेना चाहिए.”

उन्होंने आगे कहा कि दुनिया में लगभग 56 देश ऐसे हैं, जिन्हें मुस्लिम-बहुसंख्यक राष्ट्र माना जाता है, जबकि करीब 60-70 देशों में मुस्लिम आबादी तेजी से बढ़ रही है.

उन्होंने कहा, “दुनिया में लगभग 56 देश ऐसे हैं, जिन्हें मुस्लिम-बहुसंख्यक राष्ट्र माना जाता है और करीब 60-70 देशों में मुस्लिम आबादी तेजी से बढ़ रही है. सभी मुसलमानों को इस बात पर विचार करना चाहिए कि वे अत्यधिक जनसंख्या न बढ़ाएं, बल्कि ऐसे बच्चों का पालन-पोषण करें, जो बुद्धिमान, समझदार, अच्छे संस्कार वाले, नैतिक, स्वतंत्र और आत्मनिर्भर हों. संख्या बढ़ाने के बजाय, एक ‘गुणवत्तापूर्ण’ (बेहतर) आबादी तैयार करने पर ध्यान दिया जाना चाहिए.”

रामदेव ने यह भी दावा किया कि भारत में लगभग 99 प्रतिशत मुसलमान धर्मांतरित हैं.

उन्होंने कहा, “भारत में लगभग 99 प्रतिशत मुसलमान धर्मांतरित हैं और उनके पूर्वज एक ही हैं. सभी मुसलमानों को इस बात पर गर्व होना चाहिए कि उनके पूर्वज भी राम, कृष्ण, हनुमान, शिव, देवी-देवताओं और ऋषियों-मुनियों से जुड़े हुए थे. सभी मुसलमानों को उनके बताए रास्ते पर चलना चाहिए. धर्म अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन हमारे पूर्वज, डीएनए, संस्कृति, संस्कार और नैतिक परंपराएं अलग नहीं हो सकतीं.”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए रामदेव ने कहा कि उन्होंने एक ऐसे महान पुत्र को जन्म दिया, जिसने वैश्विक मंच पर सनातन धर्म और राष्ट्रीय कर्तव्य की महिमा को स्थापित किया. उन्होंने बताया कि सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया. उन्होंने उनकी दिवंगत आत्मा की शांति और मोक्ष के लिए प्रार्थना की.

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए रामदेव ने उनकी आलोचना की. रामदेव ने कहा, “कभी वे भारत की अर्थव्यवस्था को ‘मृत अर्थव्यवस्था’ बताते हैं, तो कभी भारत की विदेश नीति को घटिया करार देते हैं. वे भारत के मूल मूल्यों, धर्मग्रंथों और ईश्वरीय अवतारों के बारे में भी बेबुनियाद और झूठी बातें कहते हैं.” उन्होंने कहा, “यह बेहद शर्मनाक है. ऐसे राजनीतिक नेता एक ऐसा काम कर रहे हैं, जिसे केवल धार्मिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक पाप ही कहा जा सकता है.”

यह भी पढ़ें | सीएम योगी आदित्यनाथ ने किए मां के अंतिम दर्शन, पीएम मोदी ने फोन पर बात कर बंधाया ढांढस





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button