
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने संसद मार्च के दौरान युवाओं पर लाठीचार्ज को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने मंगलवार (21 जुलाई) को कहा कि युवाओं की आवाज को दबाया जा रहा है. दिल्ली में सोमवार को युवाओं पर हुआ लाठीचार्ज मोदी सरकार के अंत की शुरुआत है.
सरकार ने संवाद का रास्ता अपनाने के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया.
कांग्रेस नेता ने शिमला में मीडिया से बातचीत में कहा कि समाज का हर वर्ग केंद्र सरकार से निराश है. आने वाले समय में यही असंतोष एक बड़े जनआंदोलन का रूप लेगा और यह बात अब साफ दिखाई दे रही है. विक्रमादित्य ने कहा, “युवाओं की आवाज दबाई जा रही है. दिल्ली में सोमवार को युवाओं पर किया गया लाठीचार्ज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नीत सरकार के पतन की शुरुआत है.”
छात्रों पर लाठीचार्ज करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण- विक्रमादित्य सिंह
छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि छात्र अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए आंदोलन कर रहे हैं. वे निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे थे, लेकिन सरकार ने संवाद का रास्ता अपनाने के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले छोड़े और बल प्रयोग किया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.
पूरी शिक्षा व्यवस्था भ्रष्टाचार की चपेट में आ चुकी- विक्रमादित्य सिंह
उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में पेपर लीक की घटना केवल एक पहलू है, जबकि पूरी शिक्षा व्यवस्था भ्रष्टाचार की चपेट में आ चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे युवाओं की आवाज सुनना सरकार ने बंद कर दिया है. कोलकाता से लेकर मुंबई, बेंगलुरु और शिमला तक हर जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं.
सरकार इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है- विक्रमादित्य सिंह
मंत्री ने आगे कहा कि छात्र उन परिवारों के लिए एक करोड़ रुपये मुआवजे की मांग भी कर रहे हैं, जिनके बच्चों ने नीट पेपर लीक के बाद कथित रूप से आत्महत्या कर ली. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है. मंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री कहते हैं कि युवा देश का भविष्य हैं, लेकिन उसी युवा पर लाठीचार्ज किया जा रहा है. केंद्र सरकार को इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण देना चाहिए.”
केंद्र सरकार संवाद में विश्वास नहीं रखती- विक्रमादित्य सिंह
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संवाद में विश्वास नहीं रखती. उन्होंने कहा कि सरकार केवल “साम, दाम, दंड, भेद” के माध्यम से सत्ता चलाने में विश्वास करती है और विपक्षी दलों के सांसदों को बीजेपी में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले 12 वर्षों में एक भी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की है. उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी कोई वर्ग सरकार से सवाल पूछता है, तो उसे राष्ट्रविरोधी करार दिया जाता है.
‘युवाओं के भविष्य से खिलवाड़…’, दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर BJP पर भड़के CM सुक्खू