खबर

आजादी के दिन जन्मीं, पति को वीर चक्र… स्वतंत्रता दिवस पर जानिए इस महिला की कहानी | Born on Independence Day husband awarded the Vir Chakra Discover this woman story on Independence Day



सोशल मीडिया पर एक महिला का वीडियो वायरल है. यह महिला अपनी उम्र छिपाने से परहेज नहीं करतीं, बल्कि उन्हें इस बात पर काफी गर्व है. वह कहती हैं, “मेरी उम्र उतनी है, जितनी हमारे देश की उम्र है.”

यह महिला कोई और नहीं, सेना के सम्मानित रिटायर्ड अफसर की पत्नी विजय कुमारी हैं. न्यूज एजेंसी से बात करते हुए उन्होंने बताया कि उनका जन्म वाराणसी में आधी रात को तब हुआ था, जब भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू तिरंगा फहरा रहे थे.

विजय कुमारी कुमाऊं रेजिमेंट के मेजर धीरेंद्र नाथ सिंह की धर्मपत्नी हैं. मेजर सिंह को 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में वीर चक्र से सम्मानित किया गया था. विजय कुमारी अपने जन्म की तारीख की वजह से भी चर्चा में रहती हैं.

वह बताती हैं कि जब वह प्राइमरी स्कूल में थीं, तब उनके दोस्त हमेशा उनकी जन्मतिथि को लेकर चर्चा किया करते थे. स्कूल के कार्यक्रमों और रैलियों में भी उनकी जन्मतिथि का जिक्र होता था. उनके माता-पिता उनसे कहा करते थे कि उनका जन्मदिन पूरे देश में मनाया जाता है.

विजय कुमारी के मुताबिक, उनका जन्म स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हुआ था. इसी वजह से उनके पिता ने उनका नाम ‘विजय’ रखा.

वह बताती हैं कि शादी के बाद उनके पति अक्सर उनसे कहा करते थे, “मेरी किस्मत मेरे देश की किस्मत के साथ जुड़ी हुई है.” वह कहती हैं कि उनके पति के लिए भी यह बात खास थी कि वह उस समय पैदा हुई थीं, जब देश आजाद हुआ था.

विजय कुमारी से जब पूछा गया कि उनके जीवन का सबसे यादगार पल कौन-सा था, तो उन्होंने कहा कि वह पल था, जब उनके पति को वीर चक्र से सम्मानित किया गया. उन्होंने कहा, “मैं काफी गौरवान्वित महसूस कर रही थी.”

उस समय उनके पति सिर्फ 25 साल के थे. उन्होंने दुश्मन के धमाके में अपना पैर गंवा दिया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने दुश्मन की तोपों को खामोश कर दिया. विजय कुमारी के पति मेजर धीरेंद्र नाथ सिंह का निधन पिछले साल 4 अप्रैल को दिल्ली के आर्मी रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल में हो गया.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button