खबर

बिहार की ‘सोनम’ बनी MVI अधिकारी! प्रेमी के साथ मिलकर पति की दी सुपारी, पुलिस ने ऐसे खोला राज | Bihar Katihar Breakthroug Dev Kumar Gunjan railway murder case MVI officer wife conspired with her lover commit murder



प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या के कई मामले देश में हाल ही में सामने आए हैं. आपने हाल ही में पुणे से केतन मर्डर का मामला देखा होगा और उससे पहले एमपी में सोनम और राजा का केश देखा होगा. वहीं अब इसी तरह का एक मामला बिहार से सामने आया है. जहां कटिहार रेल मंडल से जुड़े चर्चित देव कुमार गुंजन हत्याकांड में रेलवे पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है जिसने सभी को हैरान कर दिया है. शुरुआती तौर पर जिस घटना को चलती ट्रेन में लूटपाट के दौरान हुई गोलीबारी माना जा रहा था, वह अब एक सुनियोजित कॉन्ट्रैक्ट किलिंग के रूप में सामने आई है. पुलिस का दावा है कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और अपने प्रेमी को सुपारी देखर इस वारदात को अंजाम दिलवाया.

जनसाधारण एक्सप्रेस में मारी गई थी गोली

रेल एसपी हरिशंकर के अनुसार, देव कुमार गुंजन पावर ग्रिड में ग्रेड-1 तकनीशियन के पद पर कार्यरत थे और जमुई के मलयपुर में तैनात थे. वहीं उनकी पत्नी सुपौल में MVI के पद पर तैनात थी. वह अपनी पत्नी से मिलने के लिए ट्रेन से सुपौल जा रहे थे. इसी दौरान मानसी स्टेशन से आगे बदलाघाट के पास जनसाधारण एक्सप्रेस में उन्हें गोली मार दी गई. गंभीर रूप से घायल देव कुमार गुंजन को अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. जांच मन सामने आया कि वह 4 साल से इसकी प्लानिंग कर रही थी.

वैज्ञानिक और तकनीकी जांच से खुली साजिश की परतें

घटना के बाद रेलवे पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और अन्य वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर मामले की पड़ताल की. जांच आगे बढ़ी तो कई ऐसे तथ्य सामने आए जिनसे हत्या के पीछे पारिवारिक साजिश की आशंका मजबूत हो गई. पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी समित कुमारी का एक अन्य युवक अजीत कुमार के साथ प्रेम संबंध था. अजीत कुमार भी ग्रेड-1 तकनीशियन है और वर्तमान में नालंदा जिले के इस्लामपुर-एकंगरसराय क्षेत्र में तैनात बताया गया है.

नौकरी के दौरान हुई पहचान, फिर बढ़ा प्रेम संबंध

जांच में सामने आया कि वर्ष 2017 में नौकरी के दौरान दोनों की पहचान हुई थी. उस समय दोनों सीतामढ़ी क्षेत्र में कार्यरत थे. वर्ष 2018 में समित कुमारी की शादी देव कुमार गुंजन से हो गई. शादी के बाद देव कुमार की पोस्टिंग जमुई के मलयपुर में हो गई जबकि अजीत कुमार का तबादला नालंदा क्षेत्र में हो गया. 

इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा. बाद में समित कुमारी बिहार सरकार में मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) के पद पर चयनित होकर सुपौल में पदस्थापित हो गईं. पुलिस का दावा है कि इसी दौरान दोनों ने मिलकर देव कुमार गुंजन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.

चार लाख की सुपारी देकर करवाई हत्या

रेल पुलिस के मुताबिक, हत्या के लिए राजू उर्फ धीरज नामक शूटर को चार लाख रुपये की सुपारी दी गई थी. जांच में यह भी सामने आया कि पैसे का लेन-देन ऑनलाइन नहीं किया गया बल्कि ऑफलाइन माध्यम से किया गया था. पुलिस का कहना है कि शूटर तक रकम पहुंचाने में अजीत कुमार की भूमिका सामने आई है.
पुलिस ने जहानाबाद से शूटर राजू उर्फ धीरज को गिरफ्तार किया. इसके अलावा समित कुमारी और अजीत कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.

लूट की कहानी से भटकाने की कोशिश

पुलिस के अनुसार, मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि मृतक की पत्नी खुद इस केस की वादी भी थीं. जांच एजेंसियों का दावा है कि शुरुआत में घटना को लूटपाट के दौरान हुई हत्या बताकर जांच को दूसरी दिशा में ले जाने की कोशिश की गई. हालांकि तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई पड़ताल ने पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया.

पांच-छह साल की बच्ची के सिर से उठा पिता का साया

इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि देव कुमार गुंजन और समित कुमारी की एक पांच से छह साल की बेटी भी है. पिता की मौत और मां की गिरफ्तारी के बाद बच्ची का भविष्य अब बड़ा सवाल बन गया है.

देश में बढ़ रहे ऐसे मामलों ने बढ़ाई चिंता

हाल के वर्षों में प्रेम संबंधों के कारण पति की हत्या के कई चर्चित मामले सामने आए हैं. उत्तर प्रदेश के मेरठ में चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगा था. वहीं मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ मामलों में भी प्रेम संबंधों के चलते पति की हत्या की साजिशें चर्चा में रहीं.

यह भी पढ़ें- मोतिहारी: फर्जी सिपाही बनकर 10 दिनों से स्टेशन पर दे रहा था ड्यूटी, नौकरी के नाम पर 4 लाख की ठगी





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button