खबर

मुंबई में भारी बारिश अलर्ट: 6 जुलाई को स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद, BMC ने लोगों से की घरों में रहने की अपील | imd rain orange alert mumbai school college holiday weather update heavy rainfall bmc advisory



मुंबई में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 6 जुलाई के लिए मुंबई महानगर क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका के बीच छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी सरकारी, निजी और मनपा स्कूलों के साथ-साथ कॉलेजों में भी छुट्टी घोषित कर दी है. पिछले कुछ दिनों में बारिश से जुड़े कई हादसों में लोगों की जान जा चुकी है, ऐसे में प्रशासन ने नागरिकों से भी बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है.

6 जुलाई को स्कूल-कॉलेजों में रहेगा अवकाश

IMD द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद मुंबई प्रशासन ने सोमवार, 6 जुलाई को सभी सरकारी, निजी, अनुदानित और म्युनिसिपल स्कूलों एवं कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है. यह फैसला खराब मौसम और संभावित जोखिम को देखते हुए लिया गया है. हालांकि सरकारी और निजी कार्यालय सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे.

BMC ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने नागरिकों से अपील की है कि वे बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलें. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में कई इलाकों में तेज बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है. प्रशासन ने लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों और कमजोर पेड़ों के आसपास जाने से भी बचने की सलाह दी है.

कुर्ला में पेड़ गिरने से बुजुर्ग की मौत

बारिश के बीच कुर्ला इलाके में एक बड़ा हादसा सामने आया है. नौपाड़ा स्कूल के पास अचानक पेड़ गिरने से युनूस हकीमुद्दीन शेख नामक व्यक्ति की मौत हो गई. बताया गया कि वह अपनी नई दुकान के उद्घाटन की तैयारियों के सिलसिले में वहां पहुंचे थे. घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेज बारिश के दौरान अचानक पेड़ गिरता दिखाई दे रहा है.

मेनहोल में गिरकर गई थी एक व्यक्ति की जान

हाल ही में मुंबई में जलभराव के दौरान अजफल शेख नामक व्यक्ति की मेनहोल में गिरने से मौत हो गई थी. इस घटना के बाद बीएमसी ने कार्रवाई करते हुए चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया था. लगातार हो रहे हादसों ने बारिश के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल भी खड़े किए हैं.

नवी मुंबई में भी दिखा बारिश का असर

भारी बारिश और तेज हवाओं का असर नवी मुंबई में भी देखने को मिला. वाशी सेक्टर-10 में एक स्कूल के पास पेड़ गिर गया. हालांकि रविवार होने के कारण स्कूल बंद था और कोई जनहानि नहीं हुई. समय रहते बड़ा हादसा टल गया.

हालिया हादसों ने बढ़ाई चिंता

मुंबई और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों में बारिश से जुड़े कई हादसे सामने आए हैं. 2 जुलाई को चेंबूर में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई थी. वहीं 4 जुलाई को ठाणे के मुंब्रा इलाके में पानी भरे क्षेत्र में करंट लगने से 17 वर्षीय आलिया चांदीवाला की जान चली गई. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बीच प्रशासन और नागरिक दोनों के लिए सावधानी बेहद जरूरी हो गई है.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button