
NEET UG Re-Exam 2026: 21 जून को होने वाली नीट यूजी (NEET UG) रिएग्जाम को लेकर सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पूरी तरह से अलर्ट मोड पर हैं. परीक्षा में किसी भी तरह की धांधली या गड़बड़ी को रोकने के लिए इस बार सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं. इसी सिलसिले में शनिवार को देशभर के परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल होने जा रही है.
सुबह 9 बजे से रात तक चलेगी मॉक ड्रिल
नीट परीक्षा को सुरक्षित बनाने के लिए शनिवार सुबह 9 बजे से लेकर रात तक मॉक ड्रिल चलाई जाएगी.NTA ने सभी एग्जाम सेंटर्स को पहले ही अपने हैंडओवर में ले लिया है. इस मॉक ड्रिल में देशभर के करीब 2.5 लाख सुरक्षाकर्मी शामिल रहेंगे.
पैरामिलिट्री फोर्स के हवाले पेपर, CCTV से सीधी नजर
इस बार नीट परीक्षा को लेकर तीन लेयर सिक्योरिटी (Three-Tier Security) इंतजाम किए गए हैं. इस बार प्रश्नपत्र (Question Papers) और उत्तर पुस्तिकाओं (Answer Sheets) को लाने-ले जाने और सुरक्षित रखने की पूरी जिम्मेदारी पैरामिलिट्री फोर्स को सौंपी गई है. यही नहीं देश के 5000 से ज्यादा परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों का सीधा एक्सेस NTA के पास रहेगा.
सोशल मीडिया पर भी रहेगी पैनी नजर
अफवाहों और पेपर लीक के दावों को रोकने के लिए एक हाईलेवल मॉनिटरिंग सेंटर बनाया गया है, जो सोशल मीडिया के हर प्लेटफॉर्म पर चौबीसों घंटे नजर रखेगा. इसके साथ ही देश की तमाम जांच एजेंसियां, जिला प्रशासन और केंद्र व राज्य सरकारों के बड़े अधिकारी भी इस पूरी परीक्षा पर सीधा कंट्रोल रखेंगे.
विदित हो कि 21 जून को होने वाली इस महापरीक्षा के लिए 22 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जिनमें से अब तक 18 लाख से ज्यादा छात्र अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं.
यह भी पढ़ें- NEET परीक्षा को लेकर टेलीग्राम बैन, मेडिकल छात्रों की छुट्टी पर रोक, सुरक्षा के लिए IAF और पैरामिलिट्री तैनात
लेखक के बारे में
रवीश रंजन शुक्ला
एसोसिएट एडिटर
और पढ़ें




