खबर

दिल्ली में प्रदूषण कम करने को लेकर होनी थी बैठक, PWD के नोडर अधिकारी ही नहीं पहुंचे | Delhi Nodal officers reprimanded for missing meetings on air pollution



लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने दिल्ली में वायु प्रदूषण कम करने के उपायों के समन्वय के लिए नियुक्त अपने 13 नोडल अधिकारियों को फटकार लगाई है. विभाग ने उन्हें नियमित रूप से समीक्षा बैठकों में शामिल होने और अगले दो दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है.

यह निर्देश प्रदूषण के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्रों की समीक्षा और वायु प्रदूषण रोकने के उपायों के क्रियान्वयन की निगरानी के लिए बुलाई जाने वाली साप्ताहिक बैठकों में वरिष्ठ अभियंताओं के लगातार अनुपस्थित रहने की चिंताओं के बीच आया है.

विभाग ने यह भी कहा कि अधिकारियों की लगातार गैरमौजूदगी को लेकर उच्च प्रशासनिक स्तर पर ‘‘गहरी नाराजगी” जताई गई है.

विभाग ने दोहराया कि नोडल अधिकारियों को प्रदूषण प्रभावित चिह्नित क्षेत्रों की निगरानी की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है.

निर्देश में कहा गया है कि निर्धारित उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए समीक्षा बैठकों में नोडल अधिकारियों की भागीदारी और उनमें लिए गए फैसलों का समय पर पालन करना जरूरी है.

इस साल अक्टूबर में पीडब्ल्यूडी ने दिल्ली के प्रत्येक राजस्व जिले के लिए एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया था. इन 13 अधिकारियों को विभिन्न सरकारी विभागों के साथ समन्वय करने और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के प्रयासों की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई थी.

विभाग ने सभी अधीक्षण अभियंताओं को व्यक्तिगत रूप से और अनिवार्य रूप से बैठकों में शामिल होने का निर्देश दिया है. उसने कहा, ‘‘आगे अनुपस्थित रहने की किसी भी घटना को गंभीरता से लिया जाएगा.”

यह भी पढ़ें | आज यूपी-बिहार से राजस्थान तक शीतलहर का अलर्ट, 13 राज्यों में घना कोहरा, दिल्ली में सीजन की सबसे ठंडी सुबह




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button