खबर

‘1971 की जंग में भारत ने बंगालियों की मदद नहीं की, पाकिस्तान को कमजोर किया’, इस्लामाबाद पहुंचे बांग्लादेशी स्पीकर का चौंकाने वाला बयान | Bangladesh Speaker Hafiz Uddin Ahmed Pakistan Visit Remarks on India 1971 war Kashmir Issue Sheikh Hasina



इस्लामाबाद:

पाकिस्तान के आधिकारिक दौरे पर गए बांग्लादेश संसद अध्यक्ष हाफिज उद्दीन अहमद (Hafiz Uddin Ahmed) ने 1971 के युद्ध, शेख हसीना, भारत-बांग्लादेश संबंधों और कश्मीर मुद्दे पर विवादित बयान दिए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि शेख हसीना के शासनकाल में बांग्लादेश भारत की ‘कॉलोनी’ बन गया था और कहा कि यदि हसीना बांग्लादेश लौटीं तो उन्हें सीधे जेल भेजा जाएगा. इस्लामाबाद में उन्होंने फुटबॉल मैच में पाकिस्तान के सपोर्ट के साथ-साथ आवामी लीग पार्टी के बारे में भी टिप्पणी की है. आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा?

1971 युद्ध को लेकर भारत पर साधा निशाना, पूर्व पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी रह चुके हैं अहमद

बीबीसी उर्दू की रिपोर्ट के अनुसार बांग्लादेश संसद अध्यक्ष हाफिज उद्दीन अहमद ने इस्लामाबाद में संसद भवन के दौरे के दौरान 1971 के युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय बंगाली लोकतंत्र की मांग कर रहे थे, लेकिन उन्हें उनका अधिकार नहीं दिया गया. उन्होंने दावा किया कि भारत ने 1971 में बंगालियों की मदद नहीं की, बल्कि उसका उद्देश्य पाकिस्तान को कमजोर करना था.

हाफिज उद्दीन अहमद 1971 के युद्ध के दौरान पाकिस्तानी सेना में कैप्टन थे. बाद में उन्हें बांग्लादेश में बहादुरी के लिए सम्मानित भी किया गया था.

उन्होंने पाकिस्तान और बांग्लादेश की संसदीय व्यवस्थाओं की तुलना करते हुए कहा कि बांग्लादेश में 1975 में एकदलीय व्यवस्था लागू की गई थी और देश लंबे समय तक वास्तविक लोकतंत्र से वंचित रहा. इस दौरान उन्होंने फरवरी 2026 में हुए बांग्लादेशी आम चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष बताया.

शेख हसीना पर तीखा हमला, भारत से प्रत्यर्पण की मांग

अहमद ने भारत में रह रही पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की भी आलोचना की. उन्होंने कहा कि यदि हसीना बांग्लादेश लौटती हैं तो उन्हें सीधे जेल भेज दिया जाएगा. उन्होंने हसीना के वापसी संबंधी बयानों को उनके समर्थकों को आश्वस्त करने की कोशिश बताया और दावा किया कि वह कम से कम अगले 10 साल तक बांग्लादेश नहीं लौटेंगी. अहमद ने कहा कि बांग्लादेश लगातार शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है.

उन्होंने यह भी कहा कि यदि भारत उन्हें सौंपने से इनकार करता है तो बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) का दरवाजा खटखटा सकता है. हालांकि उन्होंने इसके कानूनी आधार की विस्तार से जानकारी नहीं दी.

वहीं दूसरी आरे भारत पहले ही कह चुका है कि प्रत्यर्पण संबंधी अनुरोध पर लागू कानूनों और प्रक्रियाओं के अनुसार विचार किया जा रहा है.

कश्मीर पर पाकिस्तान के पक्ष में बोले, अवामी लीग को बताया ‘आतंकी पार्टी’

बांग्लादेश संसद अध्यक्ष ने कश्मीर मुद्दे पर भी पाकिस्तान के रुख का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि कश्मीर विवाद का समाधान संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुरूप होना चाहिए. इस बयान को भारत के प्रति उनके सबसे विवादास्पद राजनीतिक संदेशों में से एक माना जा रहा है. अहमद ने शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को ‘आतंकी पार्टी’ तक करार दिया. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की जनता ने तानाशाही को नकारते हुए लोकतंत्र का रास्ता चुना है. बांग्लादेश में पहले ही अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा चुका है, उसे फरवरी 2026 के चुनाव में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी गई थी.

‘फुटबॉल मैच में 99.9 प्रतिशत लोगों ने पाकिस्तान को सपोर्ट किया’

बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच नजदीकी दिखाने की कोशिश में अहमद ने खेल का उदाहरण भी दिया. उन्होंने कहा कि नवंबर 2026 में ढाका में आयोजित SAFF चैम्पियनशिप के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए फाइनल मैच में लगभग पूरा स्टेडियम पाकिस्तान का समर्थन कर रहा था. अहमद ने कहा ‘कुछ दिन पहले ढाका स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच फुटबॉल फाइनल हुआ था. पूरा स्टेडियम पाकिस्तान का समर्थन कर रहा था. 99.9 प्रतिशत लोग पाकिस्तान के लिए तालियां बजा रहे थे. दुर्भाग्य से वह हार गया.’ उस फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराकर खिताब जीता था.

हाफिज उद्दीन अहमद 23 से 29 नवंबर तक पाकिस्तान के आधिकारिक दौरे पर हैं. यह पहली बार है जब बांग्लादेश संसद के किसी मौजूदा अध्यक्ष ने पाकिस्तान की आधिकारिक यात्रा की है. दौरे के दौरान उन्होंने पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से भी मुलाकात की.

यह भी पढ़ें : हसीना की 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की योजना, सरकार से विमान का बंदोबस्त करने को कहा




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button