

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और केरल पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सुजीत कुमार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है. इंटरपोल के रेड नोटिस पर वांछित आरोपी को 25 नवंबर 2026 को भारत डिपोर्ट किया गया. इसके बाद उसे कोच्चि लाया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी.
2008 में हुई थी हत्या
सीबीआई के अनुसार यह मामला अक्टूबर 2008 का है. आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते सुजीत कुमार और उसके साथियों ने एक व्यक्ति पर घातक हथियारों से हमला किया था. घटना के समय पीड़ित सड़क किनारे खड़े होकर शिकायतकर्ता से बातचीत कर रहा था. इसी दौरान आरोपी और उसके साथी वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया. हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसी दिन उसकी मौत हो गई.
चार्जशीट दाखिल होने के बाद भी रहा फरार
हत्या के मामले में केरल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच पूरी की और अदालत में चार्जशीट भी दाखिल कर दी थी. हालांकि सुजीत कुमार गिरफ्तारी से बचता रहा और लंबे समय तक फरार रहा. आखिरकार उसकी तलाश के लिए केरल पुलिस ने सीबीआई की मदद मांगी. इसके बाद इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो (NCB) नई दिल्ली के माध्यम से उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया गया.
इंटरपोल की सूचना से मिला सुराग
रेड नोटिस जारी होने के बाद इंटरपोल के जरिए मिली जानकारी के आधार पर यूएई की एजेंसियों ने आरोपी का पता लगाया. स्थानीय अधिकारियों ने उसे हिरासत में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. बाद में यूएई सरकार ने आरोपी को भारत भेजने की मंजूरी दे दी. सीबीआई के समन्वय में केरल पुलिस की एक विशेष एस्कॉर्ट टीम यूएई पहुंची और वहां से आरोपी को अपने साथ लेकर भारत रवाना हुई.
अंतरराष्ट्रीय सहयोग से बढ़ रही गिरफ्तारी
सीबीआई ने बताया कि भारत में इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो की जिम्मेदारी वही निभाती है. एजेंसी विदेशों में छिपे भारतीय अपराधियों की पहचान, गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण या डिपोर्टेशन के लिए विभिन्न देशों की एजेंसियों के साथ मिलकर काम करती है. सीबीआई के मुताबिक 2019 से अब तक इंटरपोल की मदद से 300 से अधिक वांछित अपराधियों को विदेशों से भारत वापस लाया जा चुका है. इनमें केवल वर्ष 2026 के दौरान अब तक 76 फरार आरोपी शामिल हैं.
यह भी पढ़ें | दिल्ली पुलिस का हेड कांस्टेबल ही निकला सोना चोर, मालखाने से करोड़ों का गोल्ड निकाल गिरवी रखा





