

नई दिल्ली:
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर टैरिफ का दांव चला है. इस बार भारत समेत 14 बड़ी अर्थव्यवस्थाएं अमेरिकी प्रशासन के निशाने पर हैं. अमेरिका ने भारतीय सामानों पर 25% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है. लेकिन इस प्रस्ताव में एक ऐसी शर्त भी है, जो भारत-अमेरिका ट्रेड डील से जुड़ी है. अगर भारत अमेरिका के साथ ट्रेड डील कर लेता है तो टैरिफ की दर 25% से घटकर 17% तक रह सकती है. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या ट्रंप प्रशासन टैरिफ के जरिए भारत को टॅेड डील में अपनी शर्तें मानने के लिए दबाव में लाना चाहता है? क्या अमेरिका भारत को यह मैसेज दे रहा है कि ट्रेड डील करो और कम टैरिफ का फायदा उठाओ? अमेरिकी प्रस्ताव की शर्तों को देखें तो ट्रेड डील और टैरिफ के बीच सीधा संबंध दिखाई देता है.
ट्रेड डील करो तो 17% टैरिफ, नहीं तो 25%!
यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) ने 25 नवंबर को सेक्शन 301 के तहत 14 अर्थव्यवस्थाओं की जांच के नतीजे जारी किए. इसमें भारत के अलावा चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, यूरोपियन यूनियन, बांग्लादेश और वियतनाम समेत दूसरी अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं. अमेरिका का आरोप है कि इन देशों की औद्योगिक नीतियों के कारण दुनिया में जरूरत से ज्यादा प्रोडक्शन हो रहा है. इससे अमेरिकी कंपनियों और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को नुकसान पहुंच रहा है. भारत के मामले में अमेरिकी प्रशासन ने भारतीय सामानों पर 25% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है. लेकिन इसके साथ ही कहा है कि अगर भारत अमेरिका के साथ ऐसा ट्रेड डील करता है, जो अमेरिकी चिंताओं का समाधान करता हो, तो टैरिफ की दर 17% तक रखी जा सकती है.
क्या टैरिफ के जरिए ट्रेड डील का दबाव बना रहा अमेरिका?
इस प्रस्ताव का सबसे अहम पहलू यही है कि अमेरिका ने टैरिफ की दर को ट्रेड डील से जोड़ दिया है यानी भारत के सामने दो स्थितियां हैं. अगर दोनों देशों के बीच समझौता होता है तो भारतीय सामानों पर कम टैरिफ लग सकता है. अगर समझौता नहीं होता है तो 25% तक टैरिप लगाने का ऑप्शन खुला रहेगा. इससे यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या अमेरिका टैरिफ को बातचीत में अपनी स्थिति मजबूत करने के हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहा है? रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीयर ने कहा है कि नए टैरिफ की दरें उन निचली सीमाओं के अनुरूप रखी जाएंगी, जिन पर ट्रेड डील में सहमति बनी है या बातचीत चल रही है. इससे साफ है कि अमेरिकी प्रशासन टैरिफ प्रस्तावों को ट्रेड डील से जोड़कर देख रहा है.
भारत-अमेरिका ट्रेड संबंधों को लेकर अनिश्चितता बढ़ेगी
ग्रांट थॉर्नटन भारत (Grant Thornton Bharat) के पार्टनर और टैक्स कंट्रोवर्सी मैनेजमेंट लीडर मनोज मिश्रा का कहना है कि अमेरिका की ओर से भारतीय सामानों पर मौजूदा सेक्शन 301 टैरिफ को घटाने और कुछ छूटों के बाद 25% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव भारत-अमेरिका ट्रेड संबंधों को लेकर अनिश्चितता बढ़ाता है. मेक इन इंडिया और प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) जैसी भारत की प्रमुख औद्योगिक योजनाएं भी यूएसटीआर की जांच के दायरे में हैं. ऐसे में इन प्रस्तावित कदमों से भारतीय निर्यात की प्रतिस्पर्धा क्षमता कमजोर हो सकती है. कंपनियों के मुनाफे पर दबाव बढ़ सकता है और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में नए निवेश भी प्रभावित हो सकते हैं. हालांकि, टैरिफ की दर 25% से घटकर 17% रहने की संभावना यह संकेत देती है कि भारत को अमेरिका के साथ ट्रेड डील की बातचीत जल्द पूरी करने की जरूरत है. इसके साथ ही भारत दूसरे देशों के साथ अपने बढ़ते फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) नेटवर्क का फायदा उठा सकता है. अमेरिका पर निर्भरता कम करने के लिए दूसरे देशों में निर्यात बढ़ाने और ग्लोबल सप्लाई चेन में विविधता लाने की जरूरत है. इससे भविष्य में टैरिफ से होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें | नए अमेरिकी टैरिफ प्रस्ताव पर भारत का जवाब, कहा- व्यापारिक विवाद बातचीत से ही सुलझेंगे
भारत ने अमेरिका के आरोपों पर क्या जवाब दिया?
भारत ने अमेरिका के इस कदम पर अपना पक्ष भी रखा है. वाणिज्य मंत्रालय ने कहा है कि देश के किसी भी क्षेत्र में स्ट्रक्चरल एक्सेस कैपेसिटी नहीं है. भारत का कहना है कि उसने अमेरिकी जांच में सहयोग किया है. ट्रेड से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान दोनों देशों के बीच बातचीत के जरिए किया जाना चाहिए. भारत सरकार ने यह भी स किया है कि वह अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है.
सिर्फ भारत नहीं, चीन समेत 14 अर्थव्यवस्थाएं निशाने पर
अमेरिका ने इस जांच में भारत के अलावा 13 अन्य अर्थव्यवस्थाओं को भी शामिल किया है. चीन के लिए 20% तक टैरिफ का प्रस्ताव है. हालांकि, अमेरिका और चीन के बीच मौजूदा ट्रेड डील टूटने पर यह दर 40% तक हो सकती है. इससे पता चलता है कि ट्रंप प्रशासन केवल भारत के साथ ही नहीं, बल्कि कई बड़े ट्रेड डील के साथ अपनी व्यापारिक शर्तों को लेकर सख्ती दिखा रहा है.
अभी लागू नहीं हुआ है नया टैरिफ
यहां यह समझना जरूरी है कि 25% तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव अभी अंतिम फैसला नहीं है. अमेरिकी प्रशासन ने इस पर लोगों और संबंधित पक्षों से सुझाव मांगे हैं. 25 जनवरी 2027 से इस मामले में सार्वजनिक सुनवाई शुरू होगी. इसके बाद ही टैरिफ की अंतिम दर और इसे लागू करने से जुड़ा फैसला हो सकेगा.
आगे क्या होगा?
अब भारत और अमेरिका के बीच होने वाली ट्रेड टॉक पर नजर रहेगी. भारत के लिए चुनौती यह है कि वह अपने ट्रेड हितों और निर्यातकों को ध्यान में रखते हुए समझौते की दिशा में आगे बढ़े. वहीं, अमेरिका अपनी व्यापारिक चिंताओं का समाधान चाहता है. फिलहाल इतना साफ है कि ट्रंप प्रशासन ने टैरिफ प्रस्ताव के साथ ट्रेड डील को भी जोड़ दिया है. ऐसे में आने वाले दिनों में भारत-अमेरिका ट्रेड डील की बातचीत और अहम हो सकती है.





