

बचे हुए चावल से बिरयानी बनाने की विधि
NDTV
अक्सर घर में रात के बचे हुए चावल और चिकन करी को देखकर यह समझ नहीं आता कि इनका क्या किया जाए, कई बार तो मजबूरी में इन्हें दोबारा वैसे ही खाना पड़ता है या फिर फ्रिज में रखे-रखे इनका स्वाद फीका पड़ने लगता है, लेकिन जरा सोचिए, वही साधारण सा बचा हुआ खाना अगर एक शाही और खुशबूदार बिरयानी में बदल जाए तो खाने का मजा ही दोगुना हो जाएगा. इसकी खास बात ये है कि इसे बनाने के लिए घंटों की तैयारी या दम लगाने का झंझट भी नहीं है. मसालों की खुशबू, ड्राई फ्रूट का स्वाद और पुदीने की ताजगी मिलकर इसे एक ऐसा स्वाद देती हैं कि कोई यह पहचान ही नहीं पाएगा कि यह बचे हुए चावल और सालन से बनी है. चलिए नोट कर लेते हैं इसकी रेसिपी.
सामग्री:
- बचे हुए पके चावल (4 कप)
- चिकन करी ग्रेवी समेत (6 पीस)
- तले हुए आलू (4 से 5 पीस)
- बड़ी इलायची (3)
- छोटी इलायची (3)
- तेज पत्ता (3)
- लौंग (4)
- घी (3 बड़े चम्मच)
- तेल (3 बड़े चम्मच)
- काजू और किशमिश (2 बड़े चम्मच)
- दूध (आधा कप)
- ऑरेंज फूड कलर (आधा छोटा चम्मच)
- रोज वाटर (आधा छोटा चम्मच)
- पुदीने के पत्ते (थोड़े से)
इसे भी पढ़ें: मूली के पत्ते का चीला कैसे बनाएं? मूली के पत्तों का चटपटा चीला बनाने का आसान तरीका
बनाने का तरीका:
- सबसे पहले एक कड़ाही में 3 चम्मच तेल गरम करके आलू को सुनहरा होने तक तल लें और एक तरफ रख दें.
- दूसरी ओर, बचे हुए चावल को हल्का गरम कर लें ताकि दाने आपस में चिपके न रहें.
- चिकन करी को भी हल्का गर्म करें ताकि ग्रेवी और चिकन के टुकड़े आसानी से अलग हो जाएं.
- अब एक चौड़े बर्तन या बड़े पैन में घी पिघलाएं, इसमें तेज पत्ता, लौंग, बड़ी और छोटी इलायची डालकर कुछ सेकंड चटकने दें.
- इसके बाद काजू और किशमिश डालें और धीमी आंच पर हल्का सुनहरा रंग आने तक भूनें.
- चिकन और चावल पहले से ही पके हुए हैं, इसलिए इन्हें ज्यादा पकाने की जरूरत नहीं पड़ती.
- अब पैन में चिकन के पीस, ग्रेवी और चावल डालकर हल्के हाथ से मिलाएं ताकि चावल के दाने न टूटें.
- इसके ऊपर तले हुए आलू बिछा दें.
- एक छोटी कटोरी में दूध और ऑरेंज फूड कलर को घोल लें और इसे बिरयानी के ऊपर चारों तरफ फैला दें साथ ही रोज वाटर और कटे हुए पुदीने के पत्ते भी ऊपर से डाल दें.
- सामग्री पहले से तैयार है, इसलिए पारंपरिक दम देने की जरूरत नहीं है.
- बस बर्तन को ढक्कन से बंद करें और धीमी आंच पर करीब 5 मिनट तक छोड़ दें ताकि सारी खुशबू और मसाले आपस में मिल जाएं.
- पांच मिनट बाद गैस बंद कर दें.
- आपकी गरमागरम, खुशबूदार बिरयानी तैयार है.
इसे भी पढ़ें: आलू गोभी मटर की सूखी सब्जी कैसे बनाएं? हलवाई जैसी आलू गोभी मटर की सूखी चटपटी सब्जी बनाने का आसान तरीका
पूरी स्टोरी पढ़ें





