खबर

राज्यसभा चुनाव 2026: कई राज्यों में निर्विरोध चुने गए सांसद, अब झारखंड और मिजोरम में होगी असली चुनावी जंग | Rajya Sabha Elections 2026: MPs elected unopposed in several states


नई दिल्ली:

चुनाव आयोग ने राज्यसभा की कुल 26 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की, जिसमें 10 राज्यों की 24 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव और 2 सीटों पर उपचुनाव शामिल थे. राज्यवार समीक्षा करें तो आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में 4-4 सीटों पर चुनाव होना था, जबकि मध्य प्रदेश और राजस्थान में 3-3 सीटें, झारखंड में 2 सीटें तथा मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में 1-1 सीट शामिल थी. इन 24 सीटों में से अधिकांश पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए.

निर्विरोध कहां जीते?

आंध्र प्रदेश में टीडीपी ने 3 सीटें और जेएसपी ने 1 सीट जीत ली, जबकि गुजरात की सभी 4 सीटों पर भाजपा का कब्जा रहा. मध्य प्रदेश की 3 सीटों पर भी भाजपा ने जीत दर्ज की, वहीं मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश की एक-एक सीट भी भाजपा के खाते में गई. मेघालय में एनपीपी के उम्मीदवार निर्विरोध विजयी रहे. राजस्थान में भाजपा ने 2 सीटें और कांग्रेस ने 1 सीट जीती. कर्नाटक में कांग्रेस ने 3 सीटें हासिल कीं, जबकि भाजपा को 1 सीट मिली.

कहां पर होगा चुनाव?

हालांकि, झारखंड की 2 सीटों पर 3 उम्मीदवार मैदान में होने के कारण यहां मतदान होगा, वहीं मिजोरम की 1 सीट पर 2 उम्मीदवार होने से चुनाव की स्थिति बनी हुई है. इसके अलावा, 2 सीटों पर हुए उपचुनाव में महाराष्ट्र की सीट एनसीपी और तमिलनाडु की सीट कांग्रेस ने निर्विरोध जीत ली. इस तरह कुल मिलाकर राज्यसभा के इन चुनावों में अधिकांश सीटों पर राजनीतिक दलों ने बिना मुकाबले जीत दर्ज की.

मिजोरम में राज्यसभा चुनाव के लिए दो उम्मीदवार मैदान में

मिजोरम में राज्यसभा की एकमात्र सीट पर चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान होगा. BJP और कांग्रेस ने मतदान से दूर रहने का फैसला किया है. विधानसभा सचिवालय के अतिरिक्त सचिव लालथांगमाविया ने कहा कि विधायक सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक वोट डाल सकेंगे और मतों की गिनती शाम पांच बजे शुरू होगी. लालथांगमाविया के मुताबिक, “मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं और सुरक्षा इंतजाम कर लिए गए हैं. मतों की गिनती विधानसभा भवन में होगी.”

मिजोरम में राज्यसभा चुनाव के लिए दो उम्मीदवार मैदान में हैं. सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) ने जहां पार्टी प्रवक्ता के लालतलुआंगकिमा को टिकट दिया है, वहीं मुख्य विपक्षी दल मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने अधिवक्ता और लेखिका जोथानसांगी हमार को अपना उम्मीदवार बनाया है.

झारखंड में क्यों फंसा राज्यसभा का पेच?

झारखंड में राज्यसभा की दो सीट के लिए बृहस्पतिवार को होने वाले चुनाव के एक दिन पहले सियासी सरगर्मी बढ़ गयी और राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन ‘इंडिया’ और विपक्षी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) दोनों के विधायक चुनावी रणनीति को धार देने के लिए अलग-अलग होटल में बैठकें कीं. झारखंड से राज्यसभा चुनाव में तीन उम्मीदवार मैदान में हैं. ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिल अलायंस’ (इंडिया) की तरफ से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बैद्यनाथ राम और कांग्रेस ने प्रणव झा को टिकट दिया है. वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी भी दौड़ में शामिल हैं.

ये भी पढ़ें : पैदा होते ही 1.28 लाख करोड़ का कर्ज कैसे हो गया? इकनॉमिक्स का ये सिंपल सा गणित समझ लीजिए

लेखक के बारे में

img

अश्वनी कुमार सिंह

संवाददाता

अश्वनी कुमार सिंह NDTV के साथ संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने डॉ प्रणय रॉय और दोराब सोपारीवाला के साथ उनकी पुस्तक ‘द वर्डिक्ट : डीकोडिंग इं…
और पढ़ें




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button