खबर

ऑपरेशन सिंदूर के बाद खौफ में पाकिस्तान! ISI सेफ हाउस में छिपे हाफिज-मसूद, ‘अज्ञात बंदूकधारी’ का भी सता रहा डर | Pakistan Shifts Hafiz Saeed And Masood Azhar To Secure ISI Safe Houses Amid Operation Sindoor Fallout



ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI अपने सबसे अहम आतंकवादी चेहरों को लेकर बेहद बेचैन दिखाई दे रही है. खुफिया सूत्रों के मुताबिक, लश्कर-ए-तैय्यबा सरगना हाफिज सईद और जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर को उनके पुराने ठिकानों से हटाकर नए और बेहद सुरक्षित ISI सेफ हाउस में शिफ्ट किया गया है. बताया जा रहा है कि भारतीय कार्रवाई की आशंका और हाल के महीनों में पाकिस्तान में कई आतंकियों की रहस्यमयी हत्याओं ने इन दोनों आतंकवादी सरगनाओं की नींद उड़ा दी है.

सूत्रों के अनुसार, हाफिज सईद को लाहौर के जोहर टाउन इलाके से हटाकर रावलपिंडी के गैरीसन ग्राउंड क्षेत्र में ले जाया गया है. यह इलाका पाकिस्तान सेना के मुख्यालय के बेहद करीब माना जाता है. दूसरी ओर मसूद अजहर को सिंध प्रांत के नवाबशाह स्थित एक सुरक्षित ठिकाने पर रखा गया है. सुरक्षा के नाम पर इन दोनों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और मुलाकातों पर भी पाबंदियां लगा दी गई हैं.

‘अज्ञात बंदूकधारियों’ का डर सता रहा

खुफिया एजेंसियों का कहना है कि ऑपरेशन सिंदूर में आतंकी ढांचे को हुए नुकसान के बाद ISI कोई जोखिम नहीं लेना चाहती. खासतौर पर उन ‘अज्ञात बंदूकधारियों’ का डर भी पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों को सता रहा है, जिन्होंने पिछले कुछ समय में कई भारत-विरोधी आतंकियों को निशाना बनाया है. इसी वजह से आतंकवादी संगठनों के शीर्ष नेताओं को खुली आवाजाही की अनुमति नहीं दी जा रही.

सूत्र बताते हैं कि हाफिज सईद ने अपने संगठन के कार्यकर्ताओं और कमांडरों से आमने-सामने मिलना लगभग बंद कर दिया है. वह अब अधिकतर ऑडियो संदेशों के जरिए ही संपर्क कर रहा है. उसकी सुरक्षा पहले से कहीं ज्यादा बढ़ा दी गई है और उसके आने-जाने पर भी सख्त नियंत्रण रखा गया है.

पाकिस्तान लंबे समय से दावा करता रहा है कि हाफिज सईद आतंकवाद से जुड़े फंडिंग मामलों में लाहौर की कोट लखपत जेल में सजा काट रहा है. हालांकि भारतीय और अन्य खुफिया सूत्रों का कहना है कि यह दावा हकीकत से मेल नहीं खाता. उनके मुताबिक, हाफिज सईद जेल में नहीं बल्कि ISI की निगरानी वाले सुरक्षित ठिकाने में रह रहा है.

मसूद ने लोगों से मिलना जुलना किया कम

उधर जैश-ए-मोहम्मद का नेटवर्क भी भारी दबाव में बताया जा रहा है. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बहावलपुर स्थित संगठन के मुख्यालय और मार्कज को बड़ा नुकसान पहुंचा था. इसके बाद से जैश अपने नेटवर्क को दोबारा खड़ा करने की कोशिश कर रहा है. मसूद अजहर भी अब बेहद सीमित लोगों के संपर्क में है. बताया जाता है कि वह सिर्फ चुनिंदा सहयोगियों और कुछ वरिष्ठ कमांडरों से ही संवाद कर रहा है.

हाफिज सईद और मसूद अजहर दोनों संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित वैश्विक आतंकवादी हैं. हाफिज सईद 26/11 मुंबई आतंकी हमले समेत कई बड़े हमलों के मामलों में भारत का वांछित आरोपी है. वहीं मसूद अजहर को संसद हमले, पठानकोट एयरबेस हमले और पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड माना जाता है.

फिलहाल हालात ऐसे हैं कि पाकिस्तान जिन आतंकियों को दुनिया के सामने जेल में होने का दावा करता है, वे कथित तौर पर ISI की सुरक्षा में छिपकर रहने को मजबूर हैं.

यह भी पढ़ें: चीन सीमा पर बढ़ी हलचल, सैनिकों की ज्यादा तैनाती जरूरी; भारत सीमावर्ती ढांचे को कर रहा मजबूत: एस. जयशंकर





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button