

चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पंजाब पुलिस के एक हेड कॉन्स्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 36 साल के हेड कॉन्स्टेबल गुरमंगत सिंह ने शुक्रवार शाम अपनी सरकारी बंदूक से खुद को गोली मार ली. घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में हड़कंप मच गया.
मृतक की पहचान अमृतसर निवासी गुरमंगत सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब पुलिस की 82वीं बटालियन में तैनात थे. वह यूनिवर्सिटी के बॉटनी विभाग में हेड गार्डनर शेर सिंह के पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) के तौर पर कार्यरत थे. उन्हें करीब तीन महीने पहले यह जिम्मेदारी दी गई थी.
बॉटनिकल गार्डन के पास हुई घटना
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4:30 बजे बॉटनिकल गार्डन के पास स्थित एक कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी. मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने गुरमंगत सिंह को गोली लगने के बाद जमीन पर पड़ा पाया. उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस को प्राथमिक जांच में आत्महत्या की आशंका है, लेकिन घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है.
डीएसपी राम गोपाल ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. सेक्टर-11 थाना पुलिस और पंजाब यूनिवर्सिटी पुलिस पोस्ट की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले गुरमंगत सिंह की मानसिक स्थिति कैसी थी और किन परिस्थितियों में गोली चली.
परिवार में पत्नी और दो बच्चे
गुरमंगत सिंह शादीशुदा थे. उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं. बताया जा रहा है कि वह सुरक्षा ड्यूटी के दौरान शेर सिंह के साथ जयंती माजरी इलाके में रह रहे थे. परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है. शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.
हेड गार्डनर को क्यों मिली थी सुरक्षा?
बॉटनिकल गार्डन के हेड गार्डनर शेर सिंह को करीब पांच साल पहले पुलिस सुरक्षा दी गई थी. वह लगभग 3,600 किल्ले जमीन से जुड़े एक विवाद में पक्षकार हैं. यह मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट तक पहुंच चुका है. जान से मारने की धमकियां मिलने के बाद उनकी सुरक्षा के लिए पंजाब पुलिस के जवान तैनात किए गए थे. गुरमंगत सिंह भी उसी सुरक्षा का हिस्सा थे.
यह भी पढ़ें | पंजाब की राजनीति को कितना बदलेगी अमृतपाल सिंह की एक दिन की वापसी, सिख वोटों पर हलचल तेज





