खबर

समस्तीपुर में पुजारी की गोली मारकर हत्या, NH-28 जाम कर लोगों का प्रदर्शन | samastipur-priest-sonu-kumar-shot-dead-nh28-blocked-by-protesters



बिहार के समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र स्थित गंगापुर पंचायत के अकलू चौक के पास गुरुवार शाम बदमाशों ने एक पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के बाघी पंचायत अंतर्गत चकहबीब गांव निवासी सोनू कुमार (30) के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम सोनू कुमार अपने घर पर थे. इसी दौरान उनके मोबाइल पर किसी का फोन आया. फोन आने के बाद वह मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के राम टोला पहुंचे. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने उन्हें संजीत राम के घर के पास बुलाया था. वहां पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. सोनू को तीन गोलियां लगने की बात सामने आई है, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो सोनू सड़क पर मृत पड़े मिले. बताया जाता है कि उनके पिता कमल सिंह विभूतिपुर प्रखंड के केराय गांव स्थित ठाकुरबाड़ी में महंत हैं. स्वास्थ्य खराब रहने के कारण उन्होंने पूजा-पाठ की जिम्मेदारी अपने बेटे सोनू कुमार को सौंप दी थी. सोनू वहीं पुजारी के रूप में धार्मिक कार्यों का निर्वहन कर रहे थे.

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. आक्रोशित लोगों ने अकलू चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-28 (NH-28) को जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया.

सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ-1 सतीश सुमन, मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन लोगों का आक्रोश बना रहा. फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है.

अविनाश कुमार की रिपोर्ट

ये भी पढे़ं : कुर्सी से बांधा, पेट्रोल डाला और जिंदा जला दिया, अवैध संबंध के शक में हैवान बना पति; रूह कंपा देने वाली वारदात





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button