खबर

दुनिया भर में कश्मीर मुद्दा उठाकर हमारी हिफाजत कर रहा पाकिस्तान, फारूक अब्दुल्ला के विवादित बोल | Farooq Abdullah Controversial Statement on Kashmir and Kashmiris saved only because Pakistan



बारामूला:

नेशनल कॉफ्रेंस नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला का एक विवादित बयान सामने आया है. फारूक अब्दुल्ला का कहना है कि कश्मीरी पाकिस्तान के कारण बचे हुए हैं. शनिवार को बारामूला में आयोजित एक सम्मेलन में फारूक अब्दुल्ला ने अनुच्छेद 370 और जम्मू-कश्मीर के राज्य दर्जा को बहाल किए जाने की मांग पर आवाज बुलंद की. फारूक अब्दुल्ला ने कहा, “कश्मीरी सिर्फ इसलिए बचे हुए हैं क्योंकि पाकिस्तान हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर यह मुद्दा उठाता रहता है, वरना उनके प्रति भारत के इरादे ठीक नहीं हैं.”

भाजपा नेता बोले- फारूक पर होना चाहिए देशद्रोह का मुकदमा

फारूक अब्दुल्ला के बयान पर जम्म-कश्मीर के भाजपा नेता युद्धवीर शेट्टी ने कहा- फारूक अब्दुल्ला का यह बयान निंदनीय है. उन्होंने जिस प्रकार पाकिस्तान को कश्मीरियों का हिमायती बताया, देश के खिलाफ बयान दिया, उनके ऊपर देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए. फारूक अब्दुल्ला को इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए.

‘जब तक अपने पैरों पर खड़े नहीं होते, सम्मान नहीं मिलेगा’

बारामुला में आयोजित सम्मेलन में लोगों को संबोधित करते हुए नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने कहा- “जब तक आप अपने पैरों पर खड़े नहीं होते, तब तक आपको कभी सम्मान नहीं मिलेगा, मेरी यह बात याद रखना. अगर आप अपने पैरों पर खड़े होना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपने ईश्वर को याद करें और उनके दिखाए रास्ते पर चलें. 

उन्होंने आगे कहा कि यही असली शक्ति है, इसके अलावा कोई और शक्ति नहीं है. बहुत से लोग आए और चले गए. हमने राजनीति में ऐसे बड़े-बड़े दिग्गजों को देखा है जिन्होंने हम पर जुल्म किए… याद रखें, जब तक आप एकजुट नहीं होंगे, तब तक आप कुछ भी हासिल नहीं कर पाएंगे… 

हमारे बच्चे किसी इतिहास को नहीं जानते: फारूक अब्दुल्ला

उन्होंने यह भी कहा कि हमारे बच्चे किसी इतिहास को नहीं जानते. पूछिए कि हम कहां थे और यहां तक कैसे पहुंचे. आज हमारे बच्चे मोबाइल लेकर घूम रहे हैं लेकिन मां-बाप को पता नहीं कि वह क्या कर रहे हैं. जम्मू में NC, कांग्रेस और BJP जबकि कश्मीर में कितनी पार्टियां खड़ी की गईं? हर घर में पार्टी खड़ी की गई. बस पैसा आता है और वह अपना ईमान बेचने के लिए तैयार हैं.”

भाजपा शासित राज्यों के बुलडोजर एक्शन पर भी बोले फारूक

फारूक अब्दुल्ला ने यह भी कहा कि भारत के बाकी हिस्सों में जहां भाजपा की सरकार है, क्या आप देख रहे हैं कि कैसे लोगों की बस्तियां उजाड़ी जा रही हैं, उनके घरों पर बुलडोज़र चलाए जा रहे हैं और उनकी दुकानें तोड़ी जा रही हैं? क्या आपसे कुछ छिपा है…”

उन्होंने भाजपा और केंद्र सरकार पर जम्मू-कश्मीर की विशिष्ट पहचान को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी अनुच्छेद 370 की बहाली के लिए संघर्ष जारी रखेगी. उन्होंने यह भी कहा कि अपने अधिकारों की मांग करना देश के खिलाफ होना नहीं है.

यह भी पढ़ें – RSS नेता ने कहा- PAK से बातचीत होती रहे; फारूक अब्दुल्ला बोले- ‘मैंने वकालत की थी तो मुझे आतंकी बोला गया’





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button