खबर

श्रीनगर जा रही बस पर हमला, सो रहे थे यात्री; CM उमर अब्दुल्ला ने हरियाणा सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग | Delhi To Srinagar Luxury Bus Attacked Near Kurukshetra Passengers Injured And Windows Broken


दिल्ली से श्रीनगर जा रही एक लग्जरी स्लीपर बस पर हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पास देर रात कथित तौर पर पथराव किए जाने का मामला तूल पकड़ गया है. बस की खिड़कियां और टेललाइट्स तोड़ दी गईं, जबकि अंदर करीब 40 यात्री सवार थे. घटना के वक्त कई यात्री गहरी नींद में थे. इसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे. हमले में एक बुजुर्ग कश्मीरी यात्री घायल हो गया. घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हरियाणा सरकार और पुलिस से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसा कभी नहीं होना चाहिए था. उन्होंने कहा कि उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा पुलिस के समक्ष यह मामला उठाया है और उम्मीद जताई है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाएगी. 

उन्होंने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार प्रभावित यात्रियों के साथ खड़ी है और उनका कार्यालय लगातार हरियाणा प्रशासन के संपर्क में है.

हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी ने इस मामले को लेकर ट्वीट कर लिखा, ”राज्य में आने वाले हर नागरिक और हर व्यक्ति की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. J&K के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि हरियाणा पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई की. पुलिस जांच में पता चला कि झगड़ा दो गाड़ी ड्राइवरों के बीच पार्किंग विवाद को लेकर हुआ था. FIR दर्ज कर ली गई है और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है.”

Latest and Breaking News on NDTV

कब और कैसे हुई घटना?

जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार देर रात कुरुक्षेत्र स्थित डिवाइन स्टार ढाबे के पास हुई. दिल्ली से श्रीनगर जा रही स्टार वर्ल्ड वेंचर्स की लग्जरी स्लीपर बस खाना खाने के लिए वहां रुकी थी. शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ अज्ञात लोगों का पहले बस चालक से विवाद हुआ. इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर बस पर पत्थर और ईंटें फेंकीं, जिससे कई शीशे टूट गए और बस को नुकसान पहुंचा.

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बस के अंदर टूटे हुए कांच दिखाई दे रहे हैं. कुछ वीडियो में एक बुजुर्ग कश्मीरी यात्री के घायल होने का भी दावा किया गया है. बस सेवा के मालिक ने आरोप लगाया कि हमलावर पहले एक कार से आए थे और चालक के साथ बहस करने के बाद वहां से चले गए. बाद में वे मोटरसाइकिलों पर लौटे और बस पर हमला कर दिया.

ड्राइवर ने क्या बताया?

बस मालिक ने यह भी दावा किया कि हमलावरों ने धमकी दी थी कि कश्मीर पंजीकरण वाले वाहनों को हरियाणा में चलने नहीं दिया जाएगा. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. घटना के बाद बस में मौजूद यात्रियों में डर का माहौल पैदा हो गया. कई यात्री हमले से सहम गए, खासकर वे लोग जो उस समय सो रहे थे.

इस घटना की राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है. नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रवक्ता इमरान नबी डार ने इसे कथित तौर पर नफरत से प्रेरित अपराध बताया, जबकि पीडीपी नेता वहीद पारा ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है.

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. घटना ने यात्रियों की सुरक्षा और अंतरराज्यीय परिवहन सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह भी पढ़ें: Tiger Shroff: 5 सेकंड में 5 राउंड की फायरिंग… बाल-बाल बचे टाइगर श्रॉफ, गोलीबारी का लाइव वीडियो आया सामने





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button