

वैशाली:
बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार को गंगा नदी में एक नाव के पलटने से अब तक बच्चों सहित करीब 13 लोगों की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि नाव में 15 से 20 लोग सवार थे और वे सभी एक दावत में शामिल होने जा रहे थे. यह घटना वैशाली के राघोपुर इलाके में हुई. मरने वालों में ज्यादातर बच्चे बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद अधिकारियों की एक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है. राहत और बचाव कार्य के लिए NDRF की टीमें भी इलाके में तैनात की गई हैं. नदी में लापता लोगों की तलाश में स्थानीय लोग भी प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं. नाव हादसे के बाद सुबह सभी मृत बच्चों के शवों को प्रशासन ने परिजनों के हवाले कर दिया, जिसके बाद बच्चों के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया की जा रही है.
दरअसल, राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव में कोहराम मच गया है क्योंकि इस गांव में तीन घर के 13 बच्चों की मौत इस हादसे में हो गई है. सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि सभी बच्चे एक ही परिवार से हैं. बताया जा रहा है कि तीनों परिवार आपस में गोतिया हैं. जहां सभी बच्चे श्राद्ध कर्म का भोज खाने नाव से जा रहे थे, वह भी गोतिया ही है.
यह भी पढ़ें | वैशाली नाव हादसा: 17 साल की चांदनी बनी फरिश्ता, बचाईं 3 जानें; 13 मौतें, 7 एक ही परिवार से
रामप्रवेश राय के घर से 7, राजकिशोर राय के घर से 5 और डोमन राय के घर की एक बच्ची की मौत हुई है. दो बच्चियों की उम्र 18 साल के आस पास है जबकि बाकी बच्चों की उम्र 15 साल के नीचे है. मृतकों में लड़कियों की संख्या ज्यादा है. जानकारी के मुताबिक, सिदाहिन राय की दिव्यांग बेटी की मौत हुई थी, जिसके श्राद्ध का भोज खाने के लिए ही बच्चे नाव से निकले थे.
बहरहा गांव के रहने वाले रवि कुमार बताते है कि सीओ को आवेदन दिया गया था कि नाव की स्थिति ठीक नहीं है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. ऐसे में सीओ पर हत्या का मुकदमा करने की मांग की जा रही है.
यह भी पढ़ें | बिहार: वैशाली में गंगा नदी में पलटी नाव, 13 की मौत; PM मोदी ने जताया दुख





