
आईपीएल में अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से चर्चा बटोरने वाले वैभव सूर्यवंशी इन दिनों लगातार सुर्खियों में हैं. राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल चुके यह युवा बल्लेबाज बिहार की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं. जनवरी 2024 में उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था. इसके अलावा वह सबसे कम उम्र में लिस्ट-ए डेब्यू करने वाले भारतीय और मात्र 13 साल की उम्र में आईपीएल में खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी हैं.
हाल ही में ESPN Cricinfo को दिए एक इंटरव्यू में वैभव ने क्रिकेट के अलावा अपने खाने-पीने की पसंद के बारे में भी खुलकर बात की. इस दौरान उन्होंने अपने पसंदीदा चीट मील का भी खुलासा किया.
क्या है वैभव सूर्यवंशी का फेवरेट चीट मील?
इंटरव्यू में जब वैभव से उनका पसंदीदा खाना पूछा गया तो उन्होंने बेहद सादगी से जवाब दिया, सब कुछ ही खाता हूं मैं. घर का खाना सब कुछ ही खाता हूं मैं. इसके बाद जब उनसे चीट मील के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, चीट मील में मुझे आइसक्रीम बहुत पसंद है. यानी मैदान पर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर वैभव को चीट डे पर एक कटोरी ठंडी-ठंडी आइसक्रीम खाना खूब पसंद है.

आखिर क्या होती है आइसक्रीम?
आइसक्रीम दुनिया की सबसे लोकप्रिय फ्रोजन डेजर्ट्स में से एक है. इसे आमतौर पर दूध, क्रीम, चीनी और अलग-अलग फ्लेवर की मदद से तैयार किया जाता है. मिश्रण को फ्रीज करते समय लगातार फेंटा या चलाया जाता है, जिससे इसमें हवा मिलती है और इसकी टेक्सचर मुलायम और क्रीमी बनती है. आइसक्रीम में फलों, ड्राई फ्रूट्स, चॉकलेट चिप्स, कुकीज़ या कैरेमल जैसी चीजें भी मिलाई जा सकती हैं. इसे कोन, कप, बार, सैंडविच और संडे जैसे कई रूपों में खाया जाता है. गर्मियों में इसकी डिमांड सबसे ज्यादा रहती है, लेकिन कई लोग सर्दियों में भी इसे बड़े चाव से खाते हैं.
रिसर्च में क्या सामने आया?
हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं द्वारा की गई एक स्टडी, जो JAMA Internal Medicine में प्रकाशित हुई थी, में पाया गया कि जो पुरुष नियमित रूप से आइसक्रीम खाते थे, उनमें टाइप-2 डायबिटीज का खतरा अपेक्षाकृत कम देखा गया. हालांकि, यह 2005 की स्टडी अपने नतीजों की वजह से काफी चर्चा में रही क्योंकि इसके निष्कर्ष सामान्य पोषण सलाह से अलग थे. इसी वजह से इस पर काफी बहस भी हुई. दूसरी ओर, कई अन्य अध्ययनों में यह पाया गया है कि डेयरी प्रोडक्ट्स, खासकर दही जैसे फर्मेंटेड डेयरी फूड्स, टाइप-2 डायबिटीज के जोखिम को कम करने में मदद कर सकते हैं.
घर पर कैसे बनाएं आइसक्रीम-
अगर आपको भी वैभव सूर्यवंशी की तरह आइसक्रीम पसंद है, तो इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है. सबसे पहले एक बड़े ठंडे बाउल में कोल्ड हेवी क्रीम को तब तक फेंटें जब तक उसमें सॉफ्ट पीक्स बनने न लगें. अब इसमें ठंडा कंडेंस्ड मिल्क और वनीला एक्सट्रैक्ट डालें. सभी चीजों को हल्के हाथों से अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद तैयार मिश्रण को आइसक्रीम कंटेनर में डालें और ढककर 6 से 8 घंटे या पूरी रात फ्रीजर में रख दें. जब आइसक्रीम अच्छी तरह जम जाए तो इसे कप या वेफर कोन में सर्व करें और मजे से खाएं.
आइसक्रीम की अन्य रेसिपी के लिए यहां क्लिक करें.
ये भी पढ़ें- कम तेल में बनता है गुजरात का यह खास नाश्ता, एक बार खाएंगे तो भूल नहीं पाएंगे चावल के खींचू गट्टे का स्वाद





