

मिथुन चक्रवर्ती की लोकप्रियता सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है. खासकर रूस में उनकी फिल्मों और डांस का एक अलग ही क्रेज देखने को मिलता है. हाल ही में एक बार फिर इसका नजारा देखने को मिला, जब 76 साल के मिथुन दा रूस के एक टीवी शो के मंच पर पहुंचे. शो में उनकी मशहूर फिल्म ‘डिस्को डांसर’ का आइकॉनिक गाना ‘जिमी जिमी आजा आजा’ बजाया गया और गाना सुनते ही मिथुन खुद को डांस करने से रोक नहीं पाए. उन्होंने स्टेज पर अपने पुराने अंदाज में डांस किया. अब उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उनकी एनर्जी की तारीफ कर रहे हैं.
रूस के टीवी शो में पहुंचे मिथुन दा
मिथुन चक्रवर्ती हाल ही में रूस के दौरे पर गए थे. इस दौरान उन्होंने मॉस्को इंटरनेशनल फिल्म वीक में बतौर इंटरनेशनल गेस्ट हिस्सा लिया. इसी बीच रूस के एक टीवी रियलिटी शो से उनका एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में शो के मंच पर मिथुन का जोरदार स्वागत किया जाता है. इसके बाद उनकी सुपरहिट फिल्म ‘डिस्को डांसर’ का मशहूर गाना ‘जिमी जिमी आजा आजा’ बजता है. गाना शुरू होते ही मिथुन चक्रवर्ती स्टेज पर डांस करने लगते हैं. उम्र के इस पड़ाव पर भी उनके डांस में वही जोश और अंदाज नजर आया, जिसके लिए वह अपने दौर में मशहूर थे.
1982 में आई थी ‘डिस्को डांसर’
मिथुन चक्रवर्ती की फिल्म ‘डिस्को डांसर’ साल 1982 में रिलीज हुई थी. फिल्म ने भारत के साथ-साथ विदेशों में भी खूब लोकप्रियता हासिल की. फिल्म का गाना ‘जिमी जिमी आजा आजा’ मिथुन के करियर के सबसे पहचान वाले गानों में शामिल हो गया.
Mithtun Dada on a Russian Show We have heard stories on how disco dancer was played in every street of Russia And 45 years later the craze is still there https://t.co/tZ9JwPIcFt
— Tanish (@tanish0508) October 5, 2026
गाने में मिथुन का डांस स्टाइल और उनका खास अंदाज दर्शकों को इतना पसंद आया कि उनका यह किरदार और गाना उनकी पहचान का हिस्सा बन गया. आज भी जब मिथुन के आइकॉनिक डांस नंबर्स की बात होती है तो ‘जिमी जिमी’ का नाम सबसे पहले लिया जाता है.
रूस में ‘जिमी’ नाम से मशहूर हुए मिथुन
मिथुन चक्रवर्ती की रूस में लोकप्रियता की कहानी भी काफी दिलचस्प है. ‘डिस्को डांसर’ वहां जबरदस्त हिट हुई थी और फिल्म के जरिए मिथुन रूसी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हो गए. वहां उनके किरदार के नाम ‘जिमी’ से लोग उन्हें पहचानने लगे थे.
यही वजह है कि रूस में आज भी मिथुन को लेकर खास उत्साह देखने को मिलता है. उनके टीवी शो में पहुंचने पर ‘जिमी जिमी आजा आजा’ बजना भी इसी लोकप्रियता की एक झलक है. सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो इसी वजह से भारतीय फैंस के साथ-साथ मिथुन के विदेशी प्रशंसकों के बीच भी चर्चा में है.
‘जेलर 2′ में नजर आएंगे मिथुन
वर्कफ्रंट की बात करें तो मिथुन चक्रवर्ती जल्द ही रजनीकांत के साथ बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं. दोनों फिल्म ‘जेलर 2′ में साथ दिखाई देंगे. फिल्म का ट्रेलर हाल ही में रिलीज किया गया है और इसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता है. ‘जेलर 2′ 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.





